आज सबेरे उठकर चाय पी गई। विदेश में चाय। पाँच महीने बाद। इसके बाद तैराकी करने गए। होटल में दो पूल हैं। एक पहली मंजिल पर दूसरा छठी मंजिल पर। अपन छठी मंजिल पर ठहरे हैं। उसी के पूल पर गए। लेकिन पूल पर जाने का रास्ता पांचवीं मंजिल से होकर है। अंदर जाने के लिए दरवाजे का लीवर वाला कुंडा अंदर की तरफ़ है। उसकी नीचे करने पर दरवाज़ा खुलता है। कई कोशिश के बाद खुला दरवाजा।
पूल किनारे बैठी एक महिला फ़ोन पर बतिया रही थी। सूरज की तरफ़ मुँह किए। अपन पूल में उतर गए। तैरना शुरू किया। तैरते रहे। महिला बतियाती रही। सूरज भाई रोशनी बिखेरते रहे। नीचे समंदर भी लहराता रहा। समंदर में मछलियाँ भी तैर रही होंगी। लेकिन उनसे बात नहीं हुई। उनका पूल अलग, हमारा अलग।
आधे घंटे बाद कमलेश पांडेय जी भी आ गए। ट्रिप में हम लोग पहली बार साथ आए हैं। कमलेश पांडेय जी भी पूल में आ गए। हम लोग साथ-साथ तैरते रहे। कमलेश जी की पचास साल की तैराकी के साथ अनूप शुक्ल की तीन महीने की तैराकी का अनुभव पूल में साथ-साथ मिलते रहे।
कमलेश जी तैराकी का हर हुनर जानते हैं। अपन केवल ब्रेस्ट स्ट्रोक का झंडा फहराते रहते हैं। ब्रेस्ट स्ट्रोक इज द बेस्ट स्ट्रोक।
एक घंटे तैरने के बाद अपन पूल से बाहर आए। बाली में तैराकी मुफ्त में की। 200/- रुपये बचाए।
पूल से बाहर आकर तैयार हुए। नाश्ता करके घूमने निकल लिए।

No comments:
Post a Comment