Wednesday, September 30, 2026

देश में शादी, विदेश में जयमाल

साकेत और मान्या बाली के स्थानीय परिधान में।

 बाली के पुरा उलुन दानु बेराटन मंदिर के परिसर में एक युवा जोड़ा बाली की पराम्परिक पोशाक में दिखा। सिंहासन जैसे आसन पर बैठा। एक पुरोहित कुछ पूजा जैसी कराते दिख रहे थे। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी हो रही थी।

चूँकि बाली के मंदिरों में ग़ैर बाली लोगों का प्रवेश वर्जित है हमने सोचा शायद किसी स्थानीय जोड़े का विवाह संस्कार हो रहा हो। हमने दूर से देखते हुए उनका फ़ोटो लिया।
फोटोग्राफी के दौरान स्थानीय परंपरा के अनुसार अनुष्ठान के साथ वाद्ययंत्र भी बजाये जा रहे थे।
ऐसा लग रहा था किसी राजसी परिवार के राजकुमार-राजकुमारी का वैवाहिक अनुष्ठान संपन्न हो रहा हो।
फोटोग्राफी कराने के बाद जोड़ा परिसर से बाहर, मंदिर के अहाते में आया। सुंदर गोरे स्वस्थ चेहरे-मोहरे वाले जोड़े को पास में देखकर लोग उसके साथ फ़ोटो खिंचवाने लगे। फोटो के साथ बातचीत भी हुई।
ख़ूबसूरत युवा जोड़े के साथ एक पर्यटक फोटो खिंचवाते हुए।


बातचीत से पता चला युवा जोड़ा बाली का न होकर हिंदुस्तानी है। मुंबई में रहते हैं। पिछले साल उनकी शादी हुई थी। बाली यात्रा के दौरान स्थानीय पारंपरिक परिधान में फोटो खिंचाने के लिए मंदिर परिसर में आए हैं।
मान्या और साकेत मूलत: झारखंड और बिहार के रहने वाले हैं। मान्या कॉग्निजेंट और साकेत बिरला में काम करते हैं। बाली में स्थानीय परिधान और वातावरण में फ़ोटो शूट कराने का आइडिया मान्या का था। पूरी ट्रिप मान्या ने ही प्लान की थी। साकेत ने अच्छे जीवनसाथी की तरह इस आइडिया पूरा करने में सहयोग किया।
मान्या ने बताया घूमना, खाना बनाना और बैडमिंटन खेलना उनकी हॉबी है। साकेत काम में जुटे रहते हैं।

कुछ दिन पहले परिचय और दोस्ती में विजिटिंग कार्ड दिए-लिये जाते थे। आजकल फेसबुक, इंस्टाग्राम आई डी और व्हाट्सएप नंबर आदान-प्रदान का चलन है। हुआ भी। दोस्ती की शुरुआत हुई।
साकेत और मान्या के साथ फ़ोटो खिंचवाने वालों में निरुपमा दीदी और सुमन
भी शामिल हो गईं। पीछे मंदिर परिसर जहाँ ग़ैर बाली लोगों का प्रवेश वर्जित है।


मान्या ने बताया कि तुर्की यात्रा के दौरान भी उन्होंने कई मित्र बनाए थे। मुंबई आने पर लंच का निमंत्रण भी दिया मान्या ने।
खूब घूमने फिरने का मन है मान्या-साकेत का। आगे चलकर वे भी अनन्य की तरह अपना काम करना चाहते हैं।
मान्या और साकेत को उनके सुखी जीवन के लिए मंगलकामनाएँ।
अनन्य के लिखे और अब 'निकल बेवजह' के थीम सांग में घूमने वालों के लिए आह्वान है (लिंक यह रहा ) :
'जा किसी अनजान शहर में एक नया दोस्त बना।'
बाली यात्रा के दौरान हमने कई नए दोस्त बनाए। मान्या और साकेत उनमें से एक हैं।

फेसबुक पर इस पोस्ट को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।

No comments:

Post a Comment