कल रात बाली के उबूद कस्बे में पहुंचे। ठहरने का इंतजाम ‘ फुल मून विला’ में था। शहर की सड़कें कम चौड़ाई की। मुख्य सड़क की मरम्मत हो रही थी। बस वाला हमें गलियों और पगडंडियों वाले रास्ते से लाया।
होटल से करीब तीन सौ मीटर पहले ड्राइवर ने आगे ले जाने में हाथ खड़े कर दिए। बस भी खड़ी हो गई। हम सब उतर गए। होटल की तरफ़ का पैदल मार्च शुरू हुआ। सामान पहले ही पहुँच चुका था।
विला के कमरे डुप्लेक्स टाइप थे। हम ऊपर के कमरे में रुके। कमरों में चार्जर का इंतज़ाम पहले से थे इसलिए हमने होटल को बेहतर समझ लिया। जो नम्बर पैदल चलने के कारण काटे थे उससे ज़्यादा दे दिए।
होटल आते समय कुछ लोगों को चलने में परेशानी हुई। रास्ता बताने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने स्कूटर पर दो लोगों को होटल छोड़ा। दो फेरे किए। रास्ते में अपना घर भी अपनी सवारियों को दिखाया। यह जानकर ख़ुशी भी व्यक्त की कि इसकी सवारियाँ भी हिंदू हैं। अपने घर का मंदिर भी दिखा दिया।
होटल की एक और ख़ूबी यह कि यहाँ हर विला (दो कमरों) में स्विमिंग पूल भी है। नहाने का डबल इंतज़ाम। कमरे में बाथटब और बाहर स्विमिंग पूल। अपन ने पूल नहान ही किया।
| पूल में नहान और तैराकी |
कमरे के बाथरूम में पतली सीढ़ी भी थी। क्या पता किस लिए? शायद बाथटब में चढ़ने के लिए हो।
हम स्विमिंग के लिए पूल ने उतरे। पहले सेल्फी मोड में कैमरा लगाकर वीडियो का इंतजाम किया। फिर ब्रेस्ट स्ट्रोकियाने लगे।
पहले तेज गेंदबाज की तरह पीछे आए। फिर कैमरे वाले सिरे की तरफ़ आए। पूल मुन्ना भाई एमबीबीएस के कमरे की तरह शुरू होते ही ख़त्म हो गया। अपन फिर वापस गए तैरते हुए। इसके बाद फिर लौटे कैमरे
एंड की तरफ़।
तैरते हुए क़रीब आधा घंटा हो गया। फ़ोन बजने लगा। तैयार होकर नाश्ते की बुलाहट शुरू हो गई। पूल से बाहर निकलकर अपन तैयार हुए। नाश्ता करके घूमने के लिए निकल लिए।
No comments:
Post a Comment