Sunday, September 20, 2026

बाली में एक लाख की कमाई


चार्जर और चाबी के लेने और
सिक्योरिटी जमा करने की रसीद


कल शाम को होटल लौटे तो कमरे की चाबी वाला कार्ड नदारद मिला। शाम तक जेब में था। कई बार टटोल के देख चुके थे। कमरे में पहुँचे तो ग़ायब मिला।
याद करना शुरू किया कि कहाँ गिरा होगा। तीन जगह याद आई। बस में , होटल में जहाँ डिनर किया था या फिर उस दवा की दुकान पर जहाँ से दवा ली थी।
बस मालिक को फ़ोन करवाया तो उसने कहा कि बस में होगा तो सुबह मिल जाएगा। वही बस आएगी। होटल वाले को फ़ोन किया तो एक महिला ने बताया -‘रांग नंबर।’ हमने और पूछने की कोशिश की तो पुरुष आवाज में कड़क तरीके से वही बताया गया था -‘ रांग नंबर।’
हमने चाबी मिलने की संभावनाएं त्यागकर ख़ुद को 50000 IDR के नुक़सान के लिए तैयार करना शुरू कर दिया। 50000 IDR दूसरी चाबी की सेक्युरिटी के रूप में जमा कराये गए थे।
एक बार मन किया कि काउंटर पर जाकर कहें कि चाबी हम होटल में जमा करके गए थे। चाबी हमको दी जाये। लेकिन फिर मन पलट गया। वह 50000 IDR के लिए वह झूठ बोलने के लिए तैयार नहीं हुआ जिसके पकड़े जाने की गुंजाइश कम से कम 100% तो थी ही।
हमने सुबह का इंतज़ार करना ठीक समझा लेकिन मन ही मन 50000 का नुकसान सोच लिया था।
बस में सीट के ऊपर-नीचे, अगल-बगल, दायें-बायें देखा। खोज डाला। कार्ड नहीं मिला।
अपन बस से वापस लौटने लगे। उतरते समय बस के डैसबोर्ड की तरफ़ देखा। वहाँ हमारा कार्ड मंच पर मुख्य अतिथि की तरह बैठा था। हमने उसको उठाया और जेब में रखा। नीचे उतरते समय और कमरे की तरफ़ आते हुए सोचा -‘ कार्ड मिलने पर ख़ुश भी होना चाहिए। सोच पर अमल किया। ख़ुश भी हो लिए’
काउंटर ओर जाकर चाबी जमा की। साथ में चार्जर भी। उसके भी 50000 IDR सिक्योरिटी के रूप में जमा किए था। दोनों को मिलाकर एक लाख रुपये सिक्योरिटी जमा की थी। दोनों को जमा करने एक लाख IDR वापस मिल गए।
चाबी और चार्जर दोनों खोए नहीं थे इसलिए पैसे वापस मिल गए। बच गए। पैसे बचाये मतलब पैसे कमाए के हिसाब हमारी बाली में आज की कमाई 100000 IDR (539 रुपये लगभग)। बिना कुछ किए इतनी कमाई कम थोड़ी होती है।
इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:

Post a Comment