Thursday, June 11, 2015

कहीं नहीं रुकता हस्तक्षेप

सुबह जब निकले तो सूरज भाई दिखे। गुडमार्निंग करते हुये देखा कि सूरज के दोनों तरफ़ बादल छाये थे। मानों उसकी आंखें बंद कर रखी हों और उसको बता रहे हों रोशनी इधर भेजो, उधर भेजो। सूरज को धृतराष्ट्र जैसा बना दिया हो। लेकिन सूरज देर तक बादलों के कब्जे में न रहा। अंधेरे को तिड़ी-बिडी करके आसमान पर चमकने लगा। पूरी कायनात को अपनी रोशनी से चमकाने लगा।

आज फ़िर वह बच्ची मिली जिससे कल मिले थे। आज सड़क के पार से उसने भी गुडमार्निंग भी की। अब उसका इंतजार रहता है। कभी और बातें होंगी।

व्हीकल मोड़ से आज खमरिया की तरफ़ मुड लिये। गोकुलपुर के एक स्टाप पर दो महिलायें बैठी बतिया रहीं थीं। फ़ोटो खैंची तो देखकर बोली बहुत बढिया है। फ़िर एक जन बोलीं चाय पिला दो। पास में कोई चाय की दुकान नहीं थी और हमारे पास फ़ुटकर पैसे नहीं थे सौ का नोट था। जो देते सो यही बताकर चल दिये आगे। यह सोचा कि कल से फ़ुटकर पैसे जरूर रखा करेंगे। कोई कहे तो चाय के पैसे तो दे ही सकें।

रांझी में थाने के पास चाय की दुकान पर चाय पी। दुकान मालिक वाल्मीकि प्रसाद मिश्र से बतियाये। 52 साल से दुकान लगा रहे हैं। बचपन में आये थे रीवां से जब 10-12 साल के थे। पिता बचपन में नहीं रहे। दो भाई हैं। पिता तब नहीं रहे जब मिसिर जी जब तीन साल के थे और भाई एक महीने का तब पिता नहीं रहे।  किसी रिश्तेदार के साथ आये थे। अब 70 साल की उमर है। लेकिन चुस्त, दुरुस्त, चैतन्य।

बताया --"जब आये थे तो यहां सब जंगल था। यहां बिल्डिंगे बनी हैं वहां नाली में सुअर लोटते थे। सामने बीही का जंगल था। खमरिया भर था यहां। ये सब तो धन्ना सेठों की दुकानें हैं वो हमारे सामने बनीं। व्हीकल तो अभी बनी सन 73 में। थाना और स्टेट बैंक भी उसई के बाद बनीं।"

व्हीकल फ़ैक्ट्री बने 42 साल हो गये। उसको मिसिर बताये -’व्हीकल तो अभी बनीं।’ ऐसे ही कोई तारा अरबों वर्ष पुरानी पृथ्वी को देखकर कहता होगा -"जे छोकरिया तो अभै पैदा हुई कल हमारे सामने। देखो कित्ती खबसूरत है मोड़ी।"

मिसिर जी दुकान भले लगाते हैं यहां पर  20 एकड़ जमीन है रीवां में। अभी प्लाट खरीदा 20 लाख का। रहने को अपना मकान है जबलपुर में। एक बेटा है उसके तीन बच्चे हैं। लेकिन बेटा खुद कुछ ज्यादा करता नहीं। कभी-कभी एकाध घंटे दुकान पर बैठता है। हमने कहा -जो बाप का प्यार खुद नहीं मिला वो लड़के को तसल्ली से दे रहे हो।

फ़ोटो खैंचा तो देखकर खुश हुये। साथ का बच्चा बोला- मस्त आई है।

आगे खमरिया की तरफ़ निकले तो एक भाई जी मिले। साइकिल पर ढोलक लादे लिये जा रहे थे। बनाते हैं और खुद बेचते हैं। गांव-गांव जाते हैं। एक ढोलक 400 रुपये करीब की। आज कुंडम के लिये निकले थे। कुंडम मतलब 50 किमी। जब मिले तो 6 बजे थे। बोले - आठ बजे तक तक पहुंच जायेंगे।

साथ चलते हुये बतियाते रहे हम। खमरिया इस्टेट में सुबह डीएससी के जवानों को दौड़ते देखकर पूछा भाईजी ने- ये लोग दौड़ते क्यों हैं? हमने बताया -सेहत बनाते के लिये। दिन भर  मेहनत नहीं कर पाते तो सुबह-शाम पसीना बहाते हैं। दौड़ते-धूपते हैं।

ये लोग दौड़ते क्यों हैं? इस सवाल से मुझे श्रीकांत वर्मा की हस्तक्षेप कविता की  पंक्तियां याद आ गयीं:

कहीं नहीं रुकता हस्तक्षेप -
वैसे तो मगधनिवासियो
कितना भी कतराओ
तुम बच नहीं सकते हस्तक्षेप से -
जब कोई नहीं करता
तब नगर के बीच से गुजरता हुआ
मुर्दा
यह प्रश्न कर हस्तक्षेप करता है -
मनुष्य क्यों मरता है?


बोले- हमारी तो जिन्दगी ही दौड़ धूप में गुजर गयी।  27 साल की उमर के आदमी के मुंह से जिन्दगी गुजर गयी सुनकर दुख हुआ। हमने कहा- हौसला रखो। बोले -फ़ौसले के सहारे ही तो जिन्दगी चल रही है।

आगे फ़िर चाय की दुकान पर हमने साथ चाय पी। बात की। पता चला चार बच्चे हैं हिकमत अली के। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के गांव मिर्जापुर के रहने वाले हैं। पिता ने यही काम सिखाया उसी से गुजर-बसर कर रहे हैं। चार बच्चे हैं। एक बच्चा बीमार रहा। उसको पेशाब सही जगह से नहीं होती थी। प्राइवेट में इलाज कराया। दस हजार लग गये। अब कुछ ठीक है। लेकिन अभी फ़िर दो टांके खुल गये हैं। डाक्टर बोला है कि ले आओ देख लेंगे।

पत्नी भी बीमार रहती है। खाते ही लेटरीन होने की बीमारी है। चार बच्चे हैं। सब सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। हमने कहा- 27 साल की उमर में चार बच्चे? आपरेशन काहे नहीं करवाते? बोले जल्दी शादी हो गयी थी। अब आपरेशन करा दिया है बीबी का।

ढोलक पर बकरे या बकरी का चमड़ा चढ़ता है। बकरी की खाली मोटी होती है। लकड़ी का ढांचा बाहर से आता है। बाकी बनाने का काम खुद करते हैं।

चाय वाले के पास दूध नहीं था सो काली चाय ही पी।  नाश्ता कराने का मन था हिकमत अली को लेकिन कुछ था नहीं दुकान पर। दस रुपये दिये कि आगे नाश्ता कर लेना। मुफ़्तिया माताजी को फ़ुटकर न होने के कारण चाय के पैसे न दे पाने का अफ़सोस खत्म हो गया।

लौटते में खमरिया के जंगल हरे-भरे पेड़ हिलते-डुलते हुये नमस्ते करते मिले। एक पेड़ अपनी डाल ऐसे जमीन से घुमाकर  सटाये खड़े थे मानो अपनी मसल्स दिखा रहे हों।

बजरंग नगर की एक दुकान के बाहर एक कुत्ता फ़र्श पर गंदगी कर गया था। दुकान वाला एक कांच के टुकड़े को चम्मच की तरह इस्तेमाल करते हुये सावधानी से दुकान के सामने की गन्दी को बीच सड़क पर डाल रहा था। दुकान साफ़ कर रहा था। सड़क गंदी कर रहा था।

सड़क किनारे नलों में पानी आ रहा था। 6 से साढे सात तक सुबह आता है पानी और शाम को आधा घंटे। जगह-जगह प्लास्टिक की बाल्टियों , डब्बों में लोग नलों के नीचे पानी भरने में भरने में लगे हुये थे।

अले बाप ले। आथ बद गये। थुबह हो गयी।  तलें फ़ैक्तली के लिये तैयाल होना है।

आपका दिन शुभ हो। मंगलमय हो। हौसला बना रहे।

फ़ेसबुक पर टिप्पणियां



Wednesday, June 10, 2015

अजित वडनेरकर से मुलाकात




29 अक्तूबर, 2009 को अजित वडनेरकर से पहली मुलाकात हुई थी इलाहाबाद में पहले राष्ट्रीय ब्लॉगिंग सम्मेलन में। चाय की दुकानों पर गपशप और फ़िर माचिस को तबले की तरह बजाते हुये राग भोपाली ने सुनाया था:
जब से हम तबाह हो गये
तुम जहांपनाह हो गये।

अगले ही दिन अजित भाई दिल्ली निकल लिये थे। राजकमल प्रकाशन वालों को ’शब्दों का सफ़र’ की पांडुलिपि देने। फ़िर किताब छपी। एक लाख रुपये का इनाम मिला और मजाक-मजाक में आज ’शब्दों के सफ़र’ के तीसरे भाग के छपने की तैयारी हो रही है। इस बीच भोपाली भाई भोपाल से महाराष्ट्र (अकोला ) होते हुये बनारस पहुंच गये ’अमर उजाला’ के सम्पादक होकर। एक सूबे के राजधानी से बनारस जिसके बारे में बीएचयू के एक कुलपति कहा करते थे- ”बनारसी इज ए सिटी व्हिच है रिफ़्यूज्ड टु माडर्नाइज्ड इटसेल्फ़"( मतलब भाग बोस डी के हमको नहीं होना आधुनिक-फ़ाधुनिक) पहुंचने का उनका अनुभव कैसा रहा यह तो वे खुद बतायेंगे कभी विस्तार से लेकिन बनारसी तो अपने शहर के बारे में कहते ही हैं:
जो मजा है गुरु बनारस में
वो न पेरिस में न फ़ारस में।

बनारस में मजे की बात भी अजित जी ही बतायेंगे लेकिन हमारी कल उनसे मुलाकात हुई तो बहुत मजा आया। इसके पहले जब भी वो जबलपुर होकर गुजरे तो हम या तो जबलपुर से बाहर रहे या फ़िर मिलने की पहुंच से बाहर। इस बार संयोग रहा कि मुलाकात हुई।

गाड़ी के आते ही पानी बरसने लगा। मानो देवगण हमारे मुलाकात पर प्रमुदित होकर आसमान से जलवर्षा करने लगे हों। खूब सारी बातें थीं खर्चा करने को सो प्लेटफ़ार्म पर रिमझिम बारिश का आनन्द लेते हुये बतियाते रहे जिसका सिलसिला ट्रेन के चलने और फ़िर तेज होने तक जारी रहा। आनन्द आया। आप भी देखिये फोटो और आनन्दित होइये।
http://chitthacharcha.blogspot.in/2009/10/blog-post_23.html

इसमें देखिये हिन्दुस्तान अकादमी दिल्ली में 2009 में हुये ब्लागिग सम्मेलन की झलकियां और नीचे वाली लिंक में सुनिये अजित वडनेरकर का माचिस के तबले पर गाया गीत

http://raviratlami.blogspot.in/2009/10/blog-post_26.html

परखना मत परखने में कोई अपना नहीं रहता

सुबह निकले तो थोड़ी दूर बाद पता लगा कि बटुआ 'तमले पल ही थूत दया' है। पहले सोचा कि चलें आज चाय उधारी पर पी लेंगे। लेकिन फिर सोचा चाय वाला मना कर दिहिस तब का करेंगे। सोचा कि देखें मना करेगा कि पिलाएगा। लेकिन फिर बशीर बद्र साहब शेर सुना दिहिंन:
परखना मत परखने में कोई अपना नहीं रहता,
किसी भी आईने में देर तक चेहरा नहीं रहता।
फिर सोचे नहीं पिएंगे चाय आज। लेकिन दो पैडल बाद नन्दन जी की गजल का शेर सामने खड़ा हो गया आगे:
लाख उसको अमल में न लाऊँ कभी
शानों-शौकत का सामाँ मगर चाहिए।

मतलब चाय पियें भले न लेकिन जेब में बटुआ होना चाहिये। दो बुजुर्गों की बात मानकर वापस लौटे। और जैसा कि हमेशा होता बुजुर्गों की बात मानने का फायदा भी हुआ।

पहला तो यह कि मुड़ते ही उस बच्ची से मुलाकात हो गयी जो टहलते हुए रोज दिखती थी लेकिन सड़क के अलग-अलग किनारों पर होने के चलते बात नहीं हुई कभी। आज संयोग कि लौटते ही वो सामने से आते दिखी। हमने साइकिल रोककर बात की। पता लगा बच्ची अर्थ साइंस में पी एच डी कर रही है।रोज गेट नंबर 1 तक टहलने जाती है। पास ही रहती है। रोज के सुबह मुलाकाती से अपरिचय कम हुआ।अच्छा लगा।

दूसरा फायदा कमरे से पर्स लेने के बाद हुआ।हुआ यह की मैंने ईंट भट्टे वाले की खींची कई फोटुओं मे से एक प्रिंट करवाई थी। कई दिन से लिए टहलते रहे लेकिन वो मिले नहीं। आज जब पर्स लिया तो फोटो फिर रख ली और आज रास्ते का क्रम उलट कर पहले भट्टे पहुंचे। वो वहां पर काम कर रहे थे। फोटो दिखाई तो खुश हुये। दी तो महिला बोली-आप रख लो। हमने उनको बताया कि उनके लिए ही बनवाई है तो उन्होंने ली।

और तमाम कुम्हारों के घर वहां हैं। काम शुरू हो गया था। ईंट वाले ईंट थापने में लगे थे। घड़े बनाने वाले और अंदर रहते हैं शायद। सोचा एक दिन उनका घड़े बनाते हुए वीडियो बनाएंगे।


रेलवे फाटक पर एक ट्रैक्टर भूसा लादे हुए आता दिखा। वजन और सड़क पर गड्ढों के गठबन्धन के चलते ट्रैक्टर ऐसे आता दिखा मनो उसने पी रखी हो और लड़खड़ाते हुए गाना गा रहा हो:
थोड़ी सी जो पी ली है
चोरी तो नहीं की है।
क्रासिंग पार कृषि विश्वविद्यालय में एक ट्रैक्टर खेत जोत रहा था। उसके आसपास तमाम बगुले ट्रैक्टर को खेत जोतते देख रहे थे। ऐसा लगा जैसे किसी सरकारी कारखाने में एक काम करते हुए कामगार का दस अफसर मुआयना करने
के लिए तैनात हों। कहीं कामगार कामचोरी न कर जाए।

सरकारी काम में देरी का एक कारण यह भी होता है -करने वाला एक मुआयने के लिए पचास। मुआयना करने वालों में से कुछ लोग अगर करने वालों में बदल जाएँ तो काम धक्काडे से होने लगे।

मोड़ पर रामकुमार होटल में चाय पी। साफ़ सुथरी दूकान। चाय, पोहा-जलेबी अन्य नाश्ते। एक लड़का हरी सब्जी काट रहा था। कुछ बासी और सूखी थी। तब तक एक दूसरा आदमी मोपेड पर ताज़ी सब्जी लाया। देखकर उसने सूखी सब्जी फिंकवा दी।

पता चला ये मुन्ना हैं। 40 साल से यह दुकान चल रही है। दूकान का नाम बेटे के नाम पर है जिसकी उम्र 35 साल है। दूकान का नाम बेटे के पैदा होने के बाद रखा।दूकान नगर निगम की जमीन पर है। कभी 'अतिक्रमण हटाओ अभियान' में दो चार दिन को हट जाती है। कुछ दिन बाद फिर लग जाती है। जिंदगी ऐसे ही कट रही है।

दूकान की सफाई की तारीफ की तो खुश होकर बोले-'सब आप लोगों की मेहरबानी है। जिंदगी एक बार मिलती है। अच्छे से जीनी चाहिए। प्रेम से रहना चाहिए।'

आगे सड़क पर कबाड़ के ढेर के पास एक बुढ़िया बैठी थी। पीछे सड़क किनारे बनी एक पालीथीन और कबाड़ की मिली जुली झोपडी के सामने जमीन पर लेटी एक महिला अपने बच्चे के साथ मोबाइल पर उँगलियाँ चला रही थी। शायद कोई खेल रही थी। क्या पता फेसबुक पर स्टेट्स अपडेट कर रही हो।

मोटरसाइकिल लुढ़काते ले जाते एक भाई जी दिखे। पेट्रोल खत्म हो गया था उनका। पास ही है पेट्रोल पम्प। फिर से यह सीख याद आई कि घर से निकलो तो राशन पानी लेकर निकलो।

आगे एक भाई जी सड़क किनारे मोटरसाइकिल खडी करके और किनारे निपट रहे थे। उकड़ू बैठे भाई जी पास धरी पानी की बोतल से अंदाज लगा कि वो निपटने का इरादा घर से बनाकर निकले होंगे। 'जहां सोच वहां शौचालय' के झांसे में आने देश का बहुत बड़ा हिस्सा बचा हुआ है।

कृषि विश्वविद्यालय के सामने 'साहू साइकिलिंग रिपेयरिंग' पर हवा भरवाई। 59 साल के साहू जी कृषि विश्वविद्यालय में चपरासी हैं। 10 बजे आफिस खुलने के पहले हाथ-पाँव चलाने के लिए साइकिल की दूकान पर बैठते हैं। उसके बाद लड़का बैठता है। बाकी दो बेटों में एक ऑटो चलाता है। दूसरा परचून की दुकान पर।
साइकिल देखकर पूछे- कित्ते में कसवाई? हमने बताया -4800 में। बोले- मंहगी पड़ी। हम बोले-रैले की है। सरदार साइकिल मार्ट रांझी से ली। बोले-चूतिया बनाते हैं सब। 3500 से ज्यादा की नहीँ होगी। ये सब रैले-फैले के स्टिकर लगाये हैं। सब साइकिल यहीं बनती हैं।

फिर बोले साईकिल मन्जन करने वाले ब्रश से साफ़ करते रहा करो। चकाचक बनी रहेगी।

तमाम लोग जिनमें से ज्यादातर महिलाएं थी सड़क किनारे नलों पर पानी भर्ती और सुख-दुःख कहती-सुनती दिखीं।

लौटते में मोपेड दिखी। गोद में गन्ना लादे । पंचर हो गयी थी। सड़क किनारे पंचर बन रहा था।

आज की घुमाई इतनी ही। बाकी की फिर कभी।

आपका दिन मंगलमय हो।

Tuesday, June 09, 2015

जो मार खा रोई नहीं

आज सुबह 5 बजे ही निकल लिए साइकिल पर। कुछ भारी चलती दिखी। सोचा हवा कम होगी। लेकिन देखा ठीक थी। फिर समझ आया। साइकिल मुंह फुलाये थे। तीन दिन चलाये नहीं न। थोड़ा आहिस्ते चलाते हुए मिजाज पुर्सी की तो फिर मूड ठीक सा हो गया साइकिल महारानी का।

रॉबर्टसन झील की तरफ गए। झील सोई हुई थी। पानी की ऊपर की सतह को चद्दर की तरह ओढ़े हुए। हवा के झोंके पानी की चादर को हिलाकर झील से अलग करने की कोशिश करती। लेकिन झील कुनमुनाकर फिर पानी की चद्दर और कसकर लपेटकर सो जाती। उजाला सूरज के पायलट की तरह झील के पानी पर उतर चुका है। कुछ पक्षी उजाले से बतिया रहे हैं। टी ट्वीट, टी ट्वीट करते हुए। शायद वे ट्विटर करते हुए सूचना दे रहे हों सूरज के आगमन की।

पहाड़ पर चूल्हे सुलग चुके थे। लोग एक चूल्हे की आग से दूसरे चूल्हे जला रहे थे। एक आदमी अल्युमिनियम की छुटकी सी पतीली में चावल धो रहा था। हर चावल आम आदमी के सपनों की तरह विखण्डित। कुंडम से आये हैं ये लोग। हम फिर पूछते हैं पानी बरसता है तो क्या करते हो? वो सामने के अधबने ओवरब्रिज की तरफ इशारा करता है- वो हैं न। वहां रुकते हैं।

चाय की दुकान पर रमेश मिलते हैं। आँख लाल। बोले - 'दो दिन से (पीने को) मिली नहीं।इसलिए नींद नहीं आईं। बच्चे बाहर गए हैं।पैसा सब खत्म।'

इस बीच दूध वाला आ गया। बताया डेरी में दूध महंगा हो गया है। गर्मी में हर साल मंहगा हो जाता है। लेकिन अभी उन्होंने दाम नहीं बढ़ाये। ग्राहक टूट जाएंगे। किलो भर लेने वाला तीन पाव और पाव भर लेने वाला आधा पाव लेने लगेगा।

अभी डेयरी से दूध 50 रूपये लीटर मिलता है। लोग शहर में 40 रूपये लीटर बेचते हैं। कितना पानी मिलाते होंगे समझा जा सकता है। लेकिन जबलपुर में दूध की कमी नहीं इसलिए यूरिया वगैरह से बनाकर दूध नहीं बेचते।
दूध वाले की मोटरसाइकल राजदूत है। बताते है 1980 की है।साईकिल देखते हुए फिर कहते हैं -'साइकिल सेहत के लिए अच्छी होती है। सेक्स पावर बढाती है। पुराने जमाने में लोग साईकिल चलाते थे। दस-दस बच्चे पैदा करते थे।अब लोग मोटर साईकिल पर चलने लगे। एक दो बच्चे में ही खलास हो जाते हैं। कुछ होता ही नहीं।'
खुराफाती सुझाव बिना 'मे आई कम इन सर ' कहे दिमाग में घुस आता है-जनसंख्या कम करने के लिए सब साईकिल वालों को मोटरसाइकिल बाँट देनी चाहिए।

एक नाटे कद का आदमी एक ग्लास में थोडा दूध नपवाकर चला जाता है। पैसे नहीं देता। दूध वाला कुछ कहता है जिसका मतलब शायद यही है कि अच्छा चूना लगाते हो।दूसरा आदमी पालीथीन में 25 रूपये का दूध नपवाता है। मुझको परसाई जी के चिरऊ महाराज याद आते हैं जिनके बारे में परसाई जी ने लिखा है:
'चिरऊ महाराज पांच बड़े कनस्तर दूध लाते थे और एक छोटा।पर बेचते सिर्फ पांच कनस्तर थे। छठे छोटे कनस्तर का दूध गरीब बच्चों को पिला देते। उन्हें देखते ही आसपास के बच्चे दौड़कर आते-चलो, चिरऊ महाराज आ गए। दूध पिएंगे। बच्चे आते जाते और चिरऊ महाराज छोटे ग्लास से उन्हें दूध पिलाते जाते। कहते थे- यही हमारा थोडा-बहुत पुण्य है। नहीं तो क्या धरा है जिंदगी में। पांच कनस्तर खाली हो जाते और कोई ग्राहक आकर कहता-इस कनस्तर में तो दूध है। यही दे दीजिये। वे कहते- भैया, यह बेचने का नहीं है। बच्चों को मुफ़्त पिलाने के लिए है। क्यों गरीब बच्चों के मुंह का दूध छीनते हो।'


लौटते हुए देखा तो चूल्हों की आग तेज हो गयी थी।धुँआ हवा हो गया था।

मोड़ पर एक जगह वीएफजे से रिटायर्ड कामगार मिले। 2008 में पेंशन पाये मिश्रजी बक्सर के रहने वाले हैं। बोले- 35 साल 8 महीने 11 दिन नौकरी की। खमरिया से आये थे वीएफजे। फैक्ट्री के लोगों से जुड़े कई किस्से सुनाये।

वहीं बात करते हुए एक महिला आई। गोद में छोटा बच्चा। गत्ते के एक कागज के टुकड़े में लिखा एक फोन नंबर मिलाने को कहती है। नम्बर ऑटो वाले का है।बताया-'घर खाली करना है। आदमी शराब पीकर हल्ला-गुल्ला करता है। मारपीट भी। मकान मालिक न कहा घर खाली कर दो। कौन रखेगा ऐसा किरायेदार। सामान इकट्ठा कर लिया है। घर बदलना है। आधारताल जाएंगे । ऑटो वाले ने बोला था - 6 बजे आ जाएंगे। अभी तक आया नहीं।'

हम सलाह देते हैं दूसरा ऑटो कर लो। वह कहती है कि दूसरा मंहगा पड़ेगा। वो सस्ते में ले जाएगा। वही लाया था सामान।

मैं फोन मिलाता हूँ।उठता नही। दूसरा नम्बर भी है लेकिन वह मिलता नहीं। गलत है। पहले वाला नम्बर फिर मिलाता हूँ -कोई जबाब नहीं।

इस बीच बात होती रहती है महिला से। नाम सविता है। 14 साल की थी जब शादी हुई।पति पाइप मिस्त्री है। दो लड़के हैं। बड़ा लड़का 15 साल का है। छोटा गोद में।


बड़ा बेटा भी साथ में है। बताया क़ि बेलदारी करता है। मसाला मिलाता है। 200 रूपये रोज मिलते हैं। चमकते दांत बताते हैं की पान बीड़ी सिगरेट की गिरफ्त से बचा है। हम उससे पूछते हैं कि पापा जब मम्मी को मारते हैं तो बचाते क्यों नहीं। हमको भी मारते हैं -बच्चा बताता है।

बच्चा कभी स्कूल नहीं गया। महिला कहती है-गरीब आदमी कहां से पढ़ावे अपने बच्चों को। लड़का चुपचाप सुनता है।

इस बीच फोन मिलाते रहते हैं। उठता है। ऑटो वाला बोलता है -आ रहे हैं 15 मिनट में।वह सामान समेटने चली जाती है। हम भी चले आते हैं।

सोचते हैं कि अनगिनत शिक्षा अभियान के बावजूद अनगिनत लोग बिना स्कूल का दर्शन किये बड़े हो जाते हैं। पढ़ाई के स्कूल को बंक करके सीधे जिंदगी के स्कूल में भर्ती हो जाते हैं। बाल विवाह अपराध होने के बावजूद 14 साल की लड़की का विवाह हो जाता है।घरेलू हिंसा अपराध होने के बावजूद अक्सर अपने शराबी पति से पिटती है। उस महिला की शक्ल के साथ निराला जी की कविता पंक्ति टैग सी हो गयी है- जो मार खा रोई नहीं।

मजाक मजाक में आठ बज गए। चलें दफ्तर के लिए तैयार होना है।

आपका दिन शुभ हो। मङ्गलमय हो।

Monday, June 08, 2015

महेशजी से मिलना

Mahesh Shrivastava जी से मिलना हुआ। महेश जी हमारे लिखे की इतनी तारीफ़ करते हैं कि कभी-कभी बढ़िया लेखक होने का भरम होने लगता है। कल विजयदान देथा की कहानी सराय नाटक देखने गए शहीद स्मारक पेक्षागृह।वहीं पास ही महेश जी का घर है। नाटक देखने के बाद अपने साथियों Ajai Kumar Rai और Rajiv Agarwal के साथ मिलने पहुंच गए।

महेश जी के पास स्मृतियों का अद्भुत खजाना है। बाबा ने 1938 में घर बनवाया। उन समय इस इलाके में हैजा के रोगियों के इलाज के लिए मेडिकल कैम्प लगते थे। जो लोग इलाज के दौरान बच नहीं पाते थे उनकी हड्डियों को जमीन में गाड़ दिया जाता था। कोई यहां (राइट टाउन) में आना नहीं चाहता था।

परसाई जी पास ही रहते थे। टहलते हुए पिता डॉ बी.एल. श्रीवास्तव के पास मिलने आते थे।कुछ देर साथ बैठते थे।उनसे जुडी कई यादें साझा की महेश जी ने।

साहित्यप्रेमी महेश जी कवितायें भी लिखते हैं। इससे अलग सुरेंद्र मोहन पाठक के घनघोर पाठक हैं। सुरेन्द्र मोहन पाठक के उपन्यास हमने भी बचपन में पढ़े हैं। जिस रोचकता से महेश जी ने पाठक जी के उपन्यासों के किस्से सुनाये उससे उनको फिर से पढ़ने का मन बन गया।

महेशजी ने बीएचयू में अपराधशास्त्र की पढ़ाई के लिए प्रवेश लिया था। वो तो कहो कि पढ़ाई अधूरी रही वरना आज कहीं अपराध विशेषज्ञ होते। बाद में पीएचडी पूरी करके जबलपुर कृषि विश्वविद्यालय में काम पर लगे।
महेश जी के पुत्र डॉ रचित दांतों के डॉक्टर हैं। उनका क्लीनिक बनवाने के लिए मकान के एक हिस्से को तुड़वाने का ठेका पहले जिस ठेकेदार को दिया गया था वह काम अधूरा छोड़कर चला गया यह बोलकर कि एडवांस का पैसा भी ले लीजिए वापस हमसे न टूटेगा ये मकान।

महेश जी के घर में 90 साल की माताजी के अलावा सबके नाम के आगे डॉक्टर लगा है लेकिन सबसे बढ़िया डॉक्टर उनकी पत्नी जी हैं जिन्होंने हमारे आने की खबर पर इतना बढ़िया और भरपूर नाश्ता कराया कि फिर खाना नहीं खाया गया। वो आँख की डॉक्टर हैं लेकिन पाकशास्त्र की लगता है डबल डॉक्टर हैं।

महेशजी से मिलना एक ऐसे व्यक्ति से मिलना रहा जो स्वयं दुनियावी अनुभव से भरपूर है। घनघोर पाठक हैं। मिलकर लगा कि पहले क्यों न मिले।

फोटो हमारी खींची डॉ रचित ने। महेशजी मजे लेते हुए बोले- इस फोटो का कैप्शन होना चाहिए -'भक्त के साथ भगवान।'

Saturday, June 06, 2015

तुम्हारे पिताजी हमारे दोस्त हैं

हमारी नियमित साइकिलिंग के किस्से तो आप रोज बांचते हैं। आज बांचिये एक 32 साल पुराना एक किस्सा जो मुझे अक्सर याद आता है जैसे कल की बात हो।

बहुत दिनों से हमारी साइकिल यात्रा के किस्से अटके हुये हैं। सिलसिलेवार लिखने के चक्कर में सब सिलसिला टूट जाता है। बहरहाल जबतक वह सिलसिला शुरु हो तब तक एक मुख्तसर सा किस्सा। इससे हमारी पोस्ट की लम्बाई से आक्रांत लोग भी चैन की सांस लेंगे और कहेंगे शार्ट एंड स्वीट।

हम अपने जिज्ञासु यायावरी की मंजिल हासिल करके घर वापस लौट रहे थे। हमारा लक्ष्य था कि हम 15 अगस्त की सुबह कन्याकुमारी पर झंडा फहराता हुआ देखें।

हम तमाम बाधाओं को धता बताते हुये 14 अगस्त को ही कन्याकुमारी की चाय पीते हुये विवेकानंद स्मारक को अपनी आंखों से देख रहे थे।

लौटते में हम केरल होते हुये आये। उस समय शायद संपूर्ण साक्षर न हुआ हो लेकिन बच्चों की भीड़ की भीड़ स्कूल जाती दिखती। घर साफ़ सुथरे। एक दूसरे से सटे सड़क के किनारे के गांव।

घर से इतनी दूर आने के बावजूद, भाषा की स्वाभाविक छोटी-मोटी समस्या के बावजूद हमें कहीं से यह नहीं लग रहा था कि हम कहीं पराये देश में हैं।

उस दिन ऒणम का त्योहार था। हर घर के सामने अल्पना सजी हुयी थी। साफ़ घर। खुशियों का त्योहार अपनी पूरी धूम-धाम से मनाया जा रहा था।

दोपहर हो चुकी थी। हम एक कस्बे में पहुंचे। खाने-पीने का हिसाब-किताब बनाने की सोच रहे थे। एक होटल में जब घुसे तो वहां बैठे एक सज्जन से बातचीत होने लगी। आराम से हिंदी में बतियाते उन सज्जन ने हमारी साइकिल पर लगे बोर्ड को देखते ही कहा हमारा स्वागत किया। साइकिल पर हमारे नाम और जिज्ञासु यायावर, साइकिल यात्रा शुरु करने की तारीख आदि लिखे थे।

वे बोले- आओ भाई हम तुम्हारा ही इंतजार कर रहे थे। तुम्हारे पिताजी हमारे दोस्त हैं।

हमारे लिये यह आश्चर्य था। मेरे पिताजी कभी केरल आये नहीं। अवस्थी के पिताजी अर्सा पहले गुजर चुके थे। फिर यह कैसे हमारे पिताजी को जानता है। मैंने पूछा भी कि आपके पिताजी हमारे कैसे दोस्त हैं? आप कहां के रहने वाले हैं? बताइये।

लेकिन उन्होंने कहा- अरे सब बतायेंगे तुमको। हड़बड़ाऒ नहीं। पहले आराम से खाना खाओ। भूखे लग रहे हो। बताओ क्या खाने का मन है?

हमने वहां उपलब्ध जो भी भोजन था वह किया। इस बीच वे सज्जन हमारे रास्ते के अनुभव सुनते रहे। बड़ी तल्लीनता के साथ। हम भी सुनाने में खो गये। उन्होंने हमारे अभियान की बहुत तारीफ़ की। देश को देखने का इससे अच्छा तरीका नहीं कि सड़क से यात्रा की जाये। आदि-इत्यादि।

खाने के बाद उन्होंने हमसे अपने घर में रुक जाने के लिये और अगले दिन आगे जाने के लिये कहा। हमें इस तरह के पहले भी बहुत से पस्ताव अनजान लोगों से मिलते रहे थे। लेकिन हम दिन में अपनी यात्रा स्थगित करके कहीं रुकते नहीं थे। यात्रा ही मंजिल है का गाना गाते हुये आगे बढ़ते रहते। रात को अगर कोई प्रस्ताव मिलता तो हम उसको निराश नहीं करते। इसलिये हमने कहा- हमें तो आगे जाना है इसलिये रुकेंगे नहीं।
उन्होंने हमें आगे जाने की अनुमति दे दी। अपने पास से कुछ पैसे भी दिये।

चलने से पहले हमने पूछा- अच्छा, अब तो बता दीजिये कि हमारे पिताजी आपके दोस्त कैसे हैं?

उन्होंने कहा- "तुम्हारे पिताजी कमोबेश हमारी ही उमर के होंगे। तुम्हारी उमर के हमारे लड़के हैं। हम तुम्हारे पिताजी से कभी मिले नहीं। न ही हम उनको जानते हैं। लेकिन अगर तुमको देखकर मुझे लगता है कि तुम लोग हमारे बच्चों के समान हो और तुम्हारे पिताजी हमारे दोस्त हैं तो तुमको इससे क्या परेशानी है बेटा! दोस्ती के लिये क्या मिलना जरूरी होता है?"

हमारे पास कोई जवाब! न तब था न अब।

इस घटना को 32 साल के करीब होने को आये। आज हमारे पिताजी नहीं है, अवस्थी के पिताजी पहले जा चुके थे। उन सज्जन का कुछ पता है। न उनका नाम पूछा था। न पता ने पेशा। न कौम। न राज्य। न जिला। लेकिन उनकी कही बात मेरे दिमाग में अभी भी धंसी है और अक्सर याद आती है। मैं जब भी किसी अजनबी को देखता और उससे दूरी का जरा सा भी अहसास होता है तो दिमाग के न जाने किस कोने से फड़फड़ाती हुयी आवाज सुनायी देती है- हम तुम्हारे पिताजी के दोस्त हैं।

क्या आपको भी इस तरह की कोई आवाज कभी सुनायी देती है?

साइकिल यात्रा के और किस्से बांचने के लिये यहां आइये

Friday, June 05, 2015

एक बार और जाल फेंक रे मछेरे

मेस से बाहर निकलते ही तीन लोग कदम ताल मुद्रा में मार्निंग वाक करते हुये दिखे। बायीं तरफ सूरज भाई आसमान पर किसी स्त्री के माथे पर बिंदिया सरीखे चमक रहे थे।जैसे होमगार्ड का सिपाही डंडा पटकते हुए चौराहे के रेहड़ी वालों को फुटाता है वैसे ही उजाला किरणों का डण्डा फटकारते हुए अन्धकार को भगा रहा था। अँधेरे का पूरा कुनबा 'भाग भाग बोस डी के सूरज आया' कहते हुये आसमान से तिडी- बिड़ी हो गया। कुछ किरणें झील के पानी में उत्तर कर छप्प छैयां करते हुए नहाने लगीं। झील का पानी उनकी संगत के एहसास मात्र से ऐसे चमकने लगा जैसे पूरी फेयर एन्ड लवली पोत ली हो चेहरे पर।


चाय की दूकान पर रमेश मिले। किसी के मोबाइल पर गाने सुनते हुए खुद ही बताने लगे कि उनके मोबाइल में भजन हैं। विदेशी देवियों के। 180 रूपये में 4 जीबी भजन मिलते हैं। कार्ड में भरवाओ तो 50 रूपये में मन चाहे भजन देख लो। सरकारें भले सब तक साफ़ पानी और शिक्षा पहुंचाने में असफल रही हों अश्लील फिल्मों के धंधे वालों की पहुंच आम आदमी तक है।

बिरसा मुंडा चौराहे पर चाय पी आज। चाय की दूकान सुबह 3 बजे शुरू होती है। 9 बजे तक चलती है। इसके बाद दूकानें खुल जाती हैं तो ठेलिया हटानी होती है। चाय वाला चाय बना रहा था, अदरख छील रहा था, पुड़िया दे रहा था, पैसे काट रहा था, हमसे बात कर रहा था और मुस्करा भी रहा था। मल्टीटास्कर। लोग कहते हैं नेपोलियन कई काम एक साथ करता था। सुबह 3 बजे उठकर चाय की ठेलिया लगाने वाले ये भाई नेपोलियन भले न हों लेकिन नेपोलियन से कम भी नहीं।


ग्लास धोने का काम करती महिला एक तसले के पानी में डुबो-डुबो कर ग्लास धो रही थी। ग्लास धुले पानी से ही अगली ग्लास भी धो रहीं थी। कमरे की हवा को कमरे में ही टहलाते एसी की तरह। दो ठेलिया आपस में जुडी थीं। फिर आगे रिक्शे से जुडी थीं। रिक्शे को चलाते हुये दो ठेलियों की दूकान हटा लेते हैं 9 बजे के बाद। दूकान लगाने के लिए पुलिस वालों को पैसा नहीं देना पड़ता। चाय-पानी में निपटा देते हैं।

एक बुजुर्ग ने 2/3 चाय मांगी। मतलब 2 चाय 3 ग्लास में। मतलब 66.67% चाय। मतलब फर्स्ट क्लास चाय। इस लिहाज से हम 10 सीजीपी आई वाली चाय पिए।


दुकान पर कुछ पान मसाले कागज में पाउच में थे। ज्यादातर प्लास्टिक पाउच में ही। सिगरेट खुली बेचना मना हो गया है। लेकिन ग्राहक मांगते हैं तो क्या करे दूकानदार। ग्राहक तो भगवान होता है। भगवान तो किसी भी कानून से ऊप्पर होता है। सेवा करनी पड़ती है।

सड़क पार जाती एक महिला को देखकर चाय पीते हुए एक हॉकर ने दुसरे से कहा-'मौसी जाय रहीं हैं। पाँव पर आओ।' उसने कोई रूचि नहीं दिखाई।हमें लगा कितने संस्कार विमुख होते जा रहे हैं लोग।

आगे कृषि विश्वविद्यालय में कृषि महोत्सव 2015 के अंतर्गत 'राज्य स्तरीय मछुआ सम्मेलन' की सुचना दिखी। कोई मछुआरा या डोंगी न दिखी। जिनका सम्मेलन यहां हो रहा था वे कहीं किसी नदी,झील,तालाब में मछली की तलाश में जाल डाले बैठे होंगे। यहां दीगर लोग उनके प्रतिनिधि के रूप में सम्मेलन में हाजिरी बजा रहे होंगे।

मुझे बुद्धिनाथ मिश्र की कविता याद आई:
एक बार और जाल फेंक रे मछेरे
जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो।


व्हीकल मोड़ से मुड़ते हुए एक महिला सर पर मिटटी के बर्तन धरे आती दिखी। सूरज भाई उसके लिए हवाओं की छन्नी से छानकर वी आई पी धूप सप्लाई कर रहे थे। यह लगा कि प्रकृति अपनी कायनात के सबसे अच्छे उत्पाद सबसे पहले मेहनतकश लोगों को ही देती है।

एक महिला साईकिल से सरपट चली जा रही थी। कहीं काम करती होगी। साइकिल चलाते हुए धोती-पेटीकोट एक दूसरे से अलग से हो जा रहे थे। पेटीकोट का नीचे का कुछ हिस्सा चेन में फंसकर नुच सा गया था। हम बगल से गुजरे तो महिला ने सशंकित निगाहों से देखा और साईकिल तेज कर ली। अपने आसपास को हमेशा सशंकित निगाहों से देखना अपने देश की आम कामकाजी महिला की नियति सी है। हमने साईकिल धीमी कर ली। महिला सरपट चली गयी आगे।

आगे रेलवे क्रासिंग बन्द था।हमने सोचा महिला वहां रुकेगी तो बात करेंगे उससे। लेकिन महिला साईकिल से उतरकर 20 /25 लोगों से आगे निकलते हुए सबसे आगे जाकर खड़ी हो गयी। ट्रेन भी फौरन आ गयी।फाटक खुलते ही वह पार हो गयी। पैडल मारते हुए चली गयी आगे। कामकाजी महिलाओं के पास फालतू बातों के लिए टेम नई होता।

कमरे पर लौटकर आये तो साढ़े सात बज गए थे। चाय मंगाई। पीते हुए यह पोस्ट कर रहे।

आपका दिन शुभ हो। मङ्गलमय हो। जय हो। विजय हो।

Thursday, June 04, 2015

आज आफ़िस नहीं जाना क्या बाबू जी को?

आज उठे तो अचानक अम्मा की याद आ गयी। उनसे जुडी तमाम बातें भी। देर तक फोटुयें देखते रहे। यादों में डूबते-उतराते रहे। रोना भी आया।

अम्मा की याद के साथ गांधीनगर का वह कमरा हमेशा याद आता है जहां हम भाई (3)बहन (1) के साथ बड़े होने तक रहे। एक कमरे के उस घर में कन्ट्रोल अम्मा का रहा। अभाव के दिन थे लेकिन दीनता जैसी नहीं थी। एक पुराने मकान में 18 किराये दार रहते थे। रात में लोगों के कमरों को छोड़कर और कहीं रोशनी नहीं दिखती थी। तिमंजिले मकान में लोग अंधेरे जीनों में चढते-उतरते। एक नल था। पानी के लिये अक्सर लड़ाई झगड़ा होता।

प्रौढ शिक्षा के दौर में बगल में रहने वाली ’राधा जिज्जी’ ने हाईस्कूल का फ़ार्म भरा था। हम उस समय कक्षा 9 में पढ़ते थे। उनको हिन्दी पढ़ाते थे। रिजल्ट आया तो वे जिन विषयों में पास हुईं उनमें हिन्दी भी एक थी। उन दिनों हमको क्रिकेट कमेंट्री सुनने का शौक था। सुबह पांच बजे उठ जाते। जीजा जी अपना रेडियो आन कर देते। हम उनके घर में खड़े-खड़े रेडियों पर कमेंट्री सुनते।

मकान में रहने वाले सब लोग कम/अनियमित आमदनी वाले लोग थे। सामने मोतीलाल रहते थे। जो स्माल आर्म्स फ़ैक्ट्री में काम करते थे। फ़िटर थे। उनके यहां मीटर लगा था। हमारे यहां बिजली का एक बल्ब उनके यहां से तार खींचकर जलता था। शाम को बल्ब आन होता। सुबह होते ही बन्द हो जाता। 5 रुपये महीना किराया बल्ब का।

मोतीलाल फ़िटर थे। अक्सर अपनी साइकिल आंगन में पूरी खोलकर साफ़ करते। फ़िर से कसते। उनके असामयिक निधन के बाद उनके बेटे को अनुकम्पा के आधार पर उनकी जगह नौकरी मिली। जब मैं एस.ए.एफ़. में आया तब उससे मुलाकात होने पर सब बातें याद करते।

अम्मा जब हमारे साथ रहने आयीं तो अक्सर पुरानी यादों में खो जातीं। बीते दिनों को याद करतीं। हम उन दिनों के सबसे बड़े साझीदार थे। वे दिन उनके अभाव के थे लेकिन संघर्ष के भी थे। आत्मविश्वास के थे। उन यादों में उनका मन बहुत रमता था। बाद के दिनों में आर्थिक अभाव नहीं रहे लेकिन बच्चों पर निर्भरता के चलते आत्मविश्वास की वो ठसक कम हो गयी थी। होता हमेशा वही था जो वे चाहती थीं लेकिन ड्राइवर उनके बच्चे हैं यह बात उनको कभी-कभी उनको लगती होगी।

अम्मा के काम तीन तरह के होते थे। एक वे काम जो घर से जुड़े होते थे। उनको तो वे लाउड स्पीकर लगाकर बताती । गैस आनी है, सब्जी नहीं है, प्रेस के कपड़े जाने हैं ये सार्वजनिक जरूरत की चीजें वे हल्ला मचाकर बतातीं। देरी होने पर हड़काउ मुद्रा में फ़िर तकादा करतीं।

दूसरे काम वे थे जो उनसे जुड़े होते थे। दवाई आनी है, नींद की गोली खत्म है, बैंक खाता खुलना है, उनका कोई सामान आना है। यह सब वे आराम से ध्यान दिलाने वाले अंदाज में बतातीं। दफ़्तर जाते समय बाहर तखत पर बैठे जातीं। ध्यान दिलाने के लिये। दवाई के लिये खतम होने के तीन-चार दिन पहले बताना शुरु करतीं। कभी होता कि बताना भूल जातीं तो उस दिन की दवाई भी नहीं होती थी या फ़िर हम ही लाना भूल जाते थे। फ़िर हम उसी समय जाते तो कहतीं- "रहन देव कल लय आयेव।" हम ले आते। फ़िर मौज लेते -"तुम बहुत परेशान बहुत करती हो।" वह कहतीं -का करन? यादै नहीं रहत है।" दवाईयां इतनी ज्यादा थीं कि अक्सर कम-ज्यादा हो जातीं। तबियत हिल-डुल जाती। फ़िर ठीक होती दवाइयां। अस्पताल के सब डाक्टर उनसे परिचित थी। यह उनकी जिजीविषा ही थी कि 60 की उमर में उनको पैरालिसिस का अटैक हुआ तो डाक्टर आर्या के इलाज और अपनी मेहनत से 100 फ़िट हो गयीं। डाक्टर आर्या उनको मम्मी जी कहते थे। अम्मा को उनके इलाज पर बहुत भरोसा था।

तीसरे तरह के अम्मा के काम दूसरों से जुड़े होते थे। अक्सर किसी की सहायता के लिये। उनको बताने के लिये अम्मा मौका देखती थीं। अक्सर अकेले में बात करतीं थीं। मौका ताड़कर। लेकिन उनके हाव-भाव देखकर हम समझ जाते कि अम्मा किसी के लिये कुछ बताने वाली हैं। वो कोशिश करती थीं कि ऐसे समय हमारे और उनके अलावा कोई न हो। काम उनके अक्सर हमारी क्षमता के अनुसार ही होते थे। वे ऐसे किसी काम का बयाना नहीं लेती थीं जो हम कर न सकें। लेकिन जब उनकी बात सुनते ही हम फ़ौरन हां कह देते या यह कहते कि ’अरे तुम खुद हां कर देती’ या ’अब तक काहे नहीं बतायेव’ तो खुश हो जातीं। कोई ऐसा काम जो वे करवाना चाहती हों अगर हम उनके कहे बिना कर देते तो और खुश हो जातीं। कहती-ये तुमने राजा बेटा वाला काम किया।’

कहने को हम भले राजा बेटा रहे हों लेकिन अम्मा का ख्याल सबसे ज्यादा हमारी पत्नी ने रखा। सच तो यह है कि हम सभी भाई इतने घामड़ रहे कि एहसास ही नहीं होता कि अम्मा का भी ख्याल रखा जाता है। बहू सास को हमेशा चकाचक रखतीं। अम्मा को कहीं जाना होता तो उनको तैयार करतीं। एकदम फिट करके भेजती। बहू को हमेशा इस बात की चिंता रहती थी कि उसकी सास की कोई तमन्ना अधूरी न रह जाए। इस मामले में हमारे परिवार के सब लोग घामड़ सरीखे रहे। हम यह महसूस ही नहीं कर पाते कि एक बुजुर्ग हो चुकी स्त्री की भी कुछ तमन्नायें हो सकती हैं। सबसे पहले हरगांव में उनके लिये दांत बनवाये। अम्मा के लिए सोने की चेन,पायल,कील और न जाने क्या-क्या इस पराये घर की लड़की ने अपनी कमाई से ख़रीदे। बाहर जाते समय हम उनकी सेहत के चलते उनको साथ ले जाने में हिचकते लेकिन उनकी बहू कहती-"नहीं, अम्मा जी साथ चलेंगी।" अम्मा के न रहने के दो महीने पहले हम सब साथ पिक्चर गए थे। अम्मा को लगभग उठा-उठाकर एस्केलेटर से ले गये।

अम्मा अक्सर कहती थीं -’ गुडडो नहीं होती तो हम इतने दिन जी नहीं पाते।’ अम्मा भी गुड्डो का जैसा ख्याल रखतीं वैसा सास-बहू के रिश्ते में कम होता है। जब तक गुड्डो स्कूल से वापस न आ जायें तब तक खाना नहीं खाती थीं। अब यह अलग बात है कि गुड्डो के आते ही वे सास में भी तब्दील हो जातीं और खाना गुड्डो को ही लगाना पड़ता। बहुरिया जब माइग्रेन के दर्द से परेशान होती तो उसके ठीक होने तक सर दबातीं। सेवा करतीं। उस समय वे फ़ुल मां में बदल जातीं। जरूरत पड़ने पर बिना बताये बहुरिया के कपड़े भी धोने लगती।

जब वे साथ थीं तो घर की किसी भी परेशानी से सबसे ज्यादा बेचैन वे ही रहतीं। हम उनको समझाते कि चिन्ता न करो। परेशान मत हुआ करो। सब ठीक हो जायेगा। इसी बहाने खुद को भी दिलासा मिलता। आज अम्मा नहीं हैं। अकेले रहने के चलते अक्सर उनकी याद आती है याद के साथ ही उनके न होने का एहसास और फ़िर रोना।
अकेले और घर से दूर होने के चलते कई दिनों से अम्मा की बहुत याद रही थी। कुछ भी करने बैठते तो किसी कमरे से खरामा-खरामा टहलते हुय बिस्तर पर बैठकर कुछ कहने का मौका ताड़ती अम्मा की शक्ल याद आ जाती। पता नहीं कहां होंगी वे। जहां होंगी वहां से पता नहीं हमको देख पा रही होंगी कि नहीं। पास होतीं तो अब तक एक बार और चाय देते हुये जरूर कह देतीं -’आज आफ़िस नहीं जाना क्या बाबू जी को?’

अम्मा को अपनी समझ के हिसाब हमने ठीक तरह से ही रखा। जैसा वो चाहतीं थीं उसी हिसाब से। लेकिन अब उनके न रहने पर अनगिनत बातें याद आती हैं कि ये ऐसा होना चाहिये था वो वैसा करना चाहिये थी। कभी कुछ छूट गया तो उसकी टीस महसूस होती है। इसलिये यह लगता होता है कि जिसके प्रति प्रेम हो, लगाव हो, अपनापन हो उसके लिये कुछ भी करने का काम कभी स्थगित नही करना चाहिये।

रमानाथ अवस्थी जी फ़िर याद आ रहे हैं:
"आज आप हैं हम हैं लेकिन
कल कहां होंगे कह नहीं सकते,
जिन्दगी ऐसी नदी है जिसमें
देर तक साथ बह नहीं सकते।"


जिन्दगी की नदी में हम सब अम्मा के साथ जितना बहे वह सब याद आ रहा है। लहरें भी, भंवर भी। डूबना, उबरना सब। यादें ही हैं अब साथ में।

Wednesday, June 03, 2015

थप्पड़ की आवाज हुई -चटाक

दो दिन पहले ये लोग मिले पुलिया पर। मजदूरी करते हैं। महिला को 200 सौ रूपये प्रतिदिन और पुरुष को ढाई सौ रूपये प्रतिदिन मिलते हैं। आदमी को ज्यादा पैसे इसलिए मिलते हैं क्योंकि वह फावड़ा भी चलाता है और कारीगिरी भी करता है जबकि महिला सिर्फ टोकरी से मिटटी और अन्य सामान ढोने का ही काम करती है।

इनकी दो बेटियां हैं। दोनों की शादी कर दी। बच्चियों की शादी के समय बच्चियां जितनी उम्र की थीं उस समय वे बालिग़ नही  हुई थीं। बेटियों की शादी इसलिए जल्द की क्योंकि बाद में लड़के नहीं मिलते अच्छे।बच्चों की शादी करने के बाद दोनों मियाँ बीबी आराम से मजूरी करते हुए से रहते हैं।

आज दोपहर को एक जोड़ा दिखा। आदमी कुछ अक्खड़ टाइप था। मैंने कुछ पूछा तो उसने कुछ कहा जो मैं ठीक से सुन नहीं पाया। इसके फौरन बाद औरत ने आदमी को टोंकते हुए थपड़िया दिया। थप्पड़ की आवाज हुई -चटाक । आदमी का शायद मूड आफ था। इसके बाद वे साईकिल पर सवार होकर चले गए।

सबेरे योग वाले तिवारी जी रोज मिलते हैं। उन्होंने खम्भे पर बैठकर योगासन सीख लिया है। साइकिल उन्होंने भी रैले ही ली है। उनकी साइकिल की बियरिंग खराब हो गयी है। दे आये हैं दुकान पर। बनने के लिए। देगा एकाध दिन में तब तक अस्थाई रूप से दूसरी साइकिल चलाते हैं। हमसे बोले थे गद्दी ऊँची कराने को। कराये हम तो असहज हो गए। फिर औकात में करा लिए साइकिल।

पुलिया कथा पर आज इतना ही। smile इमोटिकॉन

टुकनियां में ब्रह्माण्ड लादे दो आकाशगंगायें

सुबह निकलते ही एक आदमी घड़े बेचने के लिए ले जाते दिखा। इसके पहले केवल महिलाएं दिखती रहीं घड़े बेचने के लिए जाती हुई। महिला-पुरुष के अंतर के अलावा एक अंतर यह भी था कि आदमी घड़े ठेले पर ले जा रहा था। जबकि महिलाएं हमेशा सर पर ले जाती हैं घड़े। महिलाओं द्वारा घड़े बेचना ज्यादा मेहनत का काम है।

पहाड़ के पास लोग कम दिखे आज। कल रात हल्की बारिश हुई थी। तमाम लोगों के लिए मौसम सुहाना हो गया। कुछ के लिए आशिकाना हुआ होगा।लेकिन यहाँ रहते लोगों के लिए तो मौसम 'गोल ठिकाना'हो गया।पानी बरसते ही भागे होंगे इधर-उधर रात को।पालीथीन , मोमिया वाले डटे रहे होंगे। आसमान ही जिनकी छत है वे भागे होंगे ओवरब्रिज के नीचे।

ओवरब्रिज से ट्रैफिक संचालन में कितना सुविधा हुई नहीं पता लेकिन तमाम लोगों को सर छिपाने की जगह मिल जाती है। कुछ लोगों की कमाई का सहारा भी बनते हैं ये ठिकाने। ओवरब्रिज खूब बनने चाहिए ताकि जिनके घर न हों वे इनके नीचे शरण ले सकें।


चाय की दूकान पर लोग खूब जमा थे। दूध वाला आया तो चाय पीते हुए रमेश ने चाय वाले से दूध का भगौना लेकर उसका दूध लिया। दूध का कनस्तर 40 लीटर का होता है। 4000 रूपये का आता है। ISI मार्क वाले कनस्तर में ही दूध ले जाने की अनुमति है।

चाय की दूकान पर साइकिल को लेकर बात चलती है। एक महिला कहती है -साइकिल चलाने से फेफड़े की बिमारी नहीं होती। दूध वाला कहता है साईकिल चलाने से आदमी हमेशा 18 साल का बना रहता है। उसके डायलॉग दादा कोंडके घराने के हैं। मुझे नया ज्ञानोदय में कुछ साल पहले छपी उस समय के चर्चित युवा लेखक की कहानी याद आई जिसमें गाँव में पनपे विभिन्न उम्र के अवैध सम्बन्ध का चित्रात्मक वर्णन साइकिल के चलाने के माध्यम से किया गया था। कहानी और लेखक की खूब चर्चा हुई थी। बहुत दिनों से उस चर्चित लेखक की चर्चा नहीं सुनी। उनकी साइकिल की हवा के क्या हाल हैं पता नहीं।

रमेश ने बताया कि उन्होंने अपना दांत निकलवा दिया। हमने कहा -'बीड़ी छोड़ दो। आराम रहेगा।' उसने कहा-'जिंदगी के मजे लेने दो। और कोई नशा तो करते नहीं।' हमने फिर समझाया-'ये जो तुम रटे-रटाये तर्क देते हो बीड़ी पीने के लिए वो तुम भी जानते हो सब फालतू हैं। तो काहे जान देने पर तुले हो।' उसने बताया-'कम कर दी। 3 से 2 बण्डल पर आ गए। ये देखो इनकी तो वारण्टी ख़त्म हो गयी लेकिन बीड़ी फूंकते रहते हैं।आप जल्दी आया करो तब और बात होगी।' हमने कहा-' अच्छा हमारे सामने बीड़ी न पिया करो जल्दी आने लगें।' उसने बोला-'ऐसे ही प्रवचन देते रहे तो टीवी पर आने लगोगे।'

चाय वाले की दूकान पर एक पान मसाले का पैकेट था। 25 साल से विश्व का नम्बर 1 पान मसाला लिखा था। फोटो में एक फ़िल्मी हीरो था। जो खुद मसाला नहीं खाता होगा। पैकेट पर लिखा था-'दाने-दाने में केसर का ।' मुझे लगा कि विज्ञापन में 'केसर' की जगह 'कैंसर' लिखा होना चाहिए।

आगे सड़क पर एक महिला पड़ी सी थी। कराह रही थी। उसके पति ने उसे पीटा था। चेहरे पर खून भी था। उसकी बेटी उसको सहारा देकर घर ले गई। एक महिला भी साथ में थी। पति-पत्नी का आपसी मामला मानते हुए लोग अपने रस्ते चले गए।

चौराहे पर चाय-नाश्ते की दुकानें खुली थीं। स्पेशल चाय। स्पेशल चाट। समय सुबह 3 बजे से रात 9 बजे तक। 18 घण्टे चलती इन दुकानों पर कई हॉकर अपनी साइकिल पर अखबार लादे चाय पी रहे थे।

अखबार में एक खबर में बताया गया था कि रेलवे के दो अधिकारियों में कहा-सुनी के चलते 100 रेलें ट्रैक पर खड़ी रहीं। डीआरएम और एओएम के बीच की कहा सुनी ने हजारों यात्रियों को खड़ा कर दिया। इससे आप भारतीय नौकरशाही की ताकत का अंदाज लगा सकते हैं।

व्हीकल मोड़ पर सब्जी वाला अपनी दूकान के सामने सफाई कर रहा था। सड़क किनारे का कूड़ा बीच सड़क पर सरका रहा था। कुछ ऐसे ही जैसे मीडिया के प्राइम टाइम एंकर किसी राजनेता के चिरकुट अकेले में दिए गए किसी चिरकुट बयान को राष्ट्र की मुख्यधारा में लाने का काम करते हैं।

एक पुलिया पर एक बुजुर्ग सूरज की तरफ पीठ किये बैठे थे। शायद पीठ सेंक रहे हों या फिर वे सूरज को भाव नहीं देना चाहते होंगे।

क्रासिंग पर दो महिलायें सर पर घड़े ले जाती दिखीं।।मुझे फिर से ठेलिया पर घड़े ले जाता आदमी याद आया। घड़े ले जाती महिलाएं देखकर लगा कि ये अपनी टुकनियां में ब्रह्माण्ड लादे दो आकाशगंगायें चली जा रही हैं। एक-एक के सर पर पांच-पांच घड़े सितारों की तरह दुबके पड़े थे। क्या मजाल जो कोई चूं बोल जाए।

मढई में कुम्हारों के घर के आगे जो ईंटें सूखी नहीं थी वे पालीथीन से ढंकी थीं। एक लड़का काई भरे तालाब से बाल्टी में पानी भरकर ईंटों के लिए ला रहा था। तालाब में पानी कम था लेकिन फिर भी था तो सही। मुझे अनुपम मिश्र जी की लिखी किताब 'आज भी खरे हैं तालाब' याद आई। पानी के मामले में कितना गैरजिम्मेदार हैं हम यह इस किताब को पढ़ने से अंदाज होता है। हम पहले समस्या पैदा करते हैं। जब समस्या विकराल हो जाती है तब फिर उसके समाधान के लिए हल्ला मचाते हैं। हाय-तोबा करते हैं। बकौल मेराज फैजाबादी:
'पहले पागल भीड़ में शोला बयानी बेचना
फिर जलते हुए शहरों में पानी बेचना।'


ओह कहां से चले थे। किधर पहुंच गए।

आपकी सुबह खुशनुमा हो। दिन मुबारक हो। शुभ हो।

Tuesday, June 02, 2015

'धीरे धीरे मचल ऐ दिले बेकरार

जैसे सूरज की गर्मी से,
जलते हुये तन को,
मिल जाये तरुवर की छाया,
ऐसा ही सुख मेरे, मन को मिला है,
मैं जबसे शरण तेरी आया।

चाय की दूकान पर बजते हुए इस गाने को सुनते हुए सूरज भाई मानो ऊपर से कह रहे हैं -'देख लो अपना जलवा। जला देते हैं सबको।'

हम कहते हैं जलवा तो तरुवर का है भाई जो तुम्हारे ताप से लोगों को बचाता है। जलाना तो अपनी ताकत का प्रदर्शन है। कमजोरी की निशानी है। पेड़ तो खुद जलकर लोगों तो तुम्हारे ताप से बचाता है। उसका जलवा बड़ा है। ताकतवर तो तरुवर है। खुद गर्मी सहता है लेकिन शरणागत को बचाता है।

सूरज भाई यह सुनकर बादल की आड़ में चले गए।

चाय की दूकान पर लाइटर लटका है। आते-जाते लोग उससे बीड़ी-सिगरेट सुलगाते जा रहे हैं। पहले यह काम एक सुलगती हुई रस्सी का सिरा करता था। रस्सी धीरे-धीरे सुलगती रहती थी। लोग उसके सुलगते सिरे पर बीड़ी सिगरेट धर कर जला लेते। अब रस्सी की जगह लाइटर ने ली है।
सुख के सब साथी
दुःख में न कोई।

यह गाना बज रहा है। हम अकेले बैठे हैं चाय की दूकान पर। कोई साथ नहीं है। तो क्या दुखी कहे जायेंगे? नहीं न! सुख और दुःख महसूस करने पर है। जिस स्थिति कोई व्यक्ति दुखी होकर हाय-हाय करने लगता है उसी स्थिति में कोई दूसरे भाई जी ईश्वर का धन्यवाद देते हुए सन्तोष व्यक्त कर सकते हैं-'हे ईश्वर, आपका बड़ा वाला थैंक्यू कि सस्ते में निपटा दिए।'

यह बात अगले गाने में सिद्ध भी हो गयी। गाना बजा:
'तोरा मन दर्पण कहलाये
भले बुरे सारे कर्मों को देखे और दिखाए।
मन उजियारा जब जब फैले
जग उजियारा होय।
सुख की कलियाँ दुःख के कांटे
मन सबका आधार।'

मतलब कहने का कि अगर जीवन में सुख की कलियाँ खिलीं हैं या दुःख के कांटे यह सब मन के खाद-पानी और बीज के चलते है। कोई दूसरा इसके लिए जिम्मेदार न है।

दर्पण की जब भी बात चलती है मुझे शाहजहाँपुर के साथी वासिफ जी का यह शेर याद आता है:
'साफ़ आईने में चेहरे भी नजर आते हैं साफ़
धुंधला चेहरा हो तो धुंधला आईना भी चाहिए।'

मने जब हाल खराब हों तो परखने के पैमाने छोटे कर दो।
अगला गाना बजा:
ऐ मालिक तेरे बन्दे हम
ऐसे हों हमारे करम।
नेकी पर चलें बदी से बचें
ताकि हंसते हुए निकले दम।

चेहरे के सामने कीड़े भुना रहे हैं। लग रहा है मेरे चेहरे के सामने की जगह इनके लिए स्टेज हो और वे सब वहां धमाचौकड़ी कर रहे हों। क्या पता कीड़े एक दूसरे को रिझा रहे हों। एक कीड़े उछलकर मेरी भौं पर बैठ गया। लगता है वह नेता टाइप कीड़ा है। भौं के रूप में जरा सा ऊँची दिखी होगी और झट से उस पर काबिज हो गया। क्या पता भाषण भी दे रहा हो- 'भाइयों और बहनों, ये आसपास बढ़ती हुई सफाई हमारे अस्तित्व के लिए घातक है। मैं आपको इस सफाई से निजात दिलाउंगा। गन्दगी फैलाउंगा। आइये आप हम सब मिलकर गन्दगी फैलाएं।अपना अस्तित्व बचाएं।'

हो सकता है इस पर बाकी कीड़े अपनी सूंड फड़फड़ाते हुए उसका स्वागत करते हों। क्या पता कोई लगुआ कीड़ा चिंचियाकर हल्ला मचाता हो- 'हमारा नेता कैसा हो?' इस पर भगुए कीड़े दहाड़ते हुए कहते हों- 'कीड़े भाई जैसा हो।'

लगता है रेडियो वाली ने हमारी गन्दगी फैलाने वाली पोस्ट करने के पहले ही बांच ली क्योंकि विज्ञापन आ गया: 'जहां सोच वहां शौचालय।' पूरी दुनिया गन्दगी के खिलाफ कमर कसे तैयार है लेकिन गन्दगी ससुर है कि बढ़ती ही जा रही है।
चलते हुए गाना सुन रहे हैं:
'दिल देके देखो, दिल देके देखो, दिल देके देखो जी
दिल लेने वालों दिल देके देखो जी।'


सबेरे-सबेरे किसको दिल दिया जाए, किसको देके देखा जाए कुछ समझ नहीं आता। आपको आता है तो बताइये।

आपका दिन चकाचक बीते। बजरँगबली की कृपा बनी रहे आप पर।

फिलहाल तो चलते हैं। व्हीकल मोड़ के पास 'पंकज टी स्टाल' से 'धीरे धीरे मचल ऐ दिले बेकरार, कोई आता है' गीत सुनते हुए सुबह के 7 बजकर 29 मिनट पर मैं अनूप शुक्ल।
 

Monday, June 01, 2015

अब रात में साइकिल न चलाएंगे

तेरे मेरे बीच ये
कैसा बन्धन है अन्जाना।


मसाला चबाते हुए मोबाइल धारी के मोबाइल से यही गाना बज रहा था। गाना सुनते हुए वह उठा और बगल की दूकान से बिस्कुट का पैकेट ले आया। खोलकर आसपास के कुत्तों के लिए जमीन पर डालने लगा। कुत्ते जमीन पर पड़े बिस्कुट अपनी पूंछ हिलाते हुए खाने लगे। पूँछ हिलाने के बहाने वे शायद कहना चाहते हों -'ये दिल मांगे मोर।'

दूकान पर एक आदमी समोसे के लिए आलू काट रहा था। छिलके समेत। हमने टोंका कि छिलके सहित क्यों काट रहे। छील क्यों नहीं लेते। वह बोला-'छिलके में विटामिन होते हैं। छिलका निकालना अमीरों के चोंचले हैं।'

उनकी बात का समर्थन करते हुए जलेबी बनाते हुए भट्ठी पर तैनात भाईजी ने बात आगे बढ़ाते हुए कहा-'आज लोगों को गैस की बीमारी इसीलिये हो रही है क्योंकि सब लोग गैस पर बना खाना खाते हैं।' भट्ठी में उनकी लकड़ी का चैला सुलग रहा था। लकड़ी में ही सब सामान बनाते हैं वो। आठ रुपये किलो आती है लकड़ी आज के दिन।
35 साल से दुकान है उनकी। बताया कि फैक्ट्रियों में लोग अब रहे कहाँ सब खाली हो गयीं। लोग रिटायर हो गए। नई भर्ती हुई नहीं।इस बीच समोसा काटने वाले भाई जी ने बयान जारी किया कि हम सब स्लो प्वाइजन तो खा ही रहे हैं। सब्जी में, अन्न में सबमें तो कीट नाशक मिले हैं।

जीआईएफ के मेन गेट के सामने की पुलिया पर कुछ फैक्ट्री खुलने के इंतजार में बैठे थे। गेट खुले तो ये अंदर घुसें। फैक्ट्री खुलने के एक घण्टा पहले गेट पर हाजिर हैं ड्यूटी के लिए। है कोई अखबार इसका नोटिस लेने वाला ? इस कर्तव्य परायणता की चरचा की फुर्सत कहां मीडिया को। Amit Chaturvedi का चतुर्वेदी चैनल भी दुनिया भर की खबर कवर करने में व्यस्त रहता है। अपनी खबर सुनाने की फुरसत ही नहीं उसको।

पुलिया पर कुछ बच्चियां बैठी थीं। एक बच्ची हवा में उड़ते सफेद आकृति को उचककर पकड़ने की कोशिश कर रही थी। हर बार वह आकृति इधर-उधर होती जाती थी।बच्ची का उचककर उसको पकड़ने की कोशिश जारी थी।
कल शाम को साइकिल चलाने के लिए निकले। खमरिया के आगे अँधेरे में 'कृपया धीरे चलें' का बोर्ड लगा था। हमको भिड़ने के पहले तक दिखा नहीं तो उससे जा भिड़े। भिड़ने के ऐन पहले कुछ आभास सा हुआ तो ब्रेक मार दिए। फिर भी भिड़ तो गए ही। हैंडल 30 डिग्री करीब मुड़ गया। उसको सीधा करके चले तो गाड़ी खटरखट करती रही। ब्रेक भी लगना बन्द। आगे कुछ देर तक पैरों को ब्रेक के रूप में प्रयोग किया गया।

आगे मोड़ पर एक साइकिल की दुकान पर दिखाया। दूकान पर अँधेरा था। चाँद की रौशनी में साईकिल मेकेनिक ने ब्रेक ठीक किये। खटरखट खत्म की। हिदायत भी दी की इसको दूकान पर दिखा लेना। पैसे मांगे पांच रूपये।
पांच रूपये फुटकर थे नहीं। हमने कहा अभी चाय की दुकान से आते हैं फुटकर लेकर। उसने कहा -'हाँ ले आओ। चाय,पान, बीड़ी, सिगरेट ले लेना। छुट्टे मिल जाएंगे।' साइकिल मेकेनिक को यह भरोसा था कि हम चाय पीते हैं तो पान बीड़ी सिगरेट तो खाते ही होंगे। यह कुछ इस तरह का भरोसा है जैसे आम लोग धारणा रखते हैं कि आदमी सरकारी नौकरी करता है तो ऊपर की कमाई तो करता ही होगा।

चाय की दूकान पर चाय वाले से बोले चाय के पैसे रख लो। पांच रूपये दे दो। बाकी बाद में दे देना। चायवाला कत्था गर्म कर रहा था। बोला-'बहुत जरूरी काम कर रहे हैं। जरा रुक जाइए।'

जरूरी काम करके उसने पांच रूपये दिए और फिर बढ़िया चाय। साइकिल फर्राटे से चल रहे थी।लेकिन हमने कसम खाई वहीं चाय की दूकान पर कि अब रात में साइकिल न चलाएंगे।

टेलीविजन बता है कि 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' की कमाई सौ करोड़ पार हो गयी। अखबार कह रहा है कि प्रदेश की 'बैकवर्ड रीजन ग्रांट फंड' योजना के तहत चार हजार संविदा कर्मियों की नौकरी जुलाई से खत्म हो जायेगी। पता नहीं इन खबरों का आपस में कोई सम्बन्ध है कि नहीं। लेकिन चार हजार जिन लोगों की नौकरी जायेगी उनके परिवार तो प्रभवित ही होंगें जिनकी नौकरी गयी।

एक और खबर है अख़बार में। राजगढ़ की पंचायत पड़ाना के जितेंद्र गुर्जर के पिता मवेशी चराते थे। उनको भी दिन भर मजूरी करनी पड़ती थी। रात में पढ़ाई करते थे। अब वे पुलिस सेवा में सब इंस्पेक्टर के पद पर चुने गए।
खबर पढ़कर यही लगा कि मेहनत और लगन तमाम साधनों की तमाम कमियों को पूरा करके सफलता की मंजिल तक पहुंचा देती हैं। है न !

सप्ताह की शुरुआत आपकी चकाचक हो। मजेदार हो। जय हो।

Sunday, May 31, 2015

बस गुजर हो जाती है किसी तरह

रात देर से सोये सो सुबह उठते-उठते साढे 6 बज गये। निकले टहलने तो देखा सूरज भाई आसमान पर चमक रहे थे। मन किया कहें कि भाईजी कभी-कभी तो छुट्टी मार लिया करो। लेकिन फ़िर  नहीं बोले। काम में जुटा हुये आदमी को काम से अलग रहने की सलाह दो बड़ी तेज भन्नाता है। अब गर्मी वैसे ही भयंकर पड़ रही है। ऐसे में सूरज भाई अगर और भन्ना गये तो समझ सकते हैं क्या हाल होंगे?


एक आदमी गन्ने का रस पेरने के बाद बचे हुये छिलकों को बटोरकर बोरे में भर रहा था। शायद ईंधन के रूप में जलाने के लिये। गन्ने के ये सूखा छिलके फ़ौरन सुलगते होंगे। वैसे भी रसहीन और सूखा आदमी हो या कूड़ा, सुलगता बहुत जल्दी है।

सड़के के नीचे एक सुअर की पीठ पर एक कौआ लम्बवत बैठा था। कौआ सूअर की पीठ को सिंहासन बनाये इधर-उधर चोंच घुमाते हुये प्रकृति का नजारा देख रहा था। सुअर पीठ पर सवार कौवे की गतिविधियों से उदासीन इधर-उधर मुंह मार रहा था।

व्हीकल मोड़ से जीसीएफ़ के लिये मुडे तो देखा एक भाईजी सड़क किनारे पेड़ से गिरी लकडियां बीनकर साइकिल के कैरियर पर बांध रहे थे। नेपाली मूल के रमेश की पैदाइश जबलपुर की ही है। उमर 61 वीं लग गयी है।एक जगह सिक्योरिटी गार्ड का काम करते हैं। 4500/- महीने के मिलते हैं। शाम 6 से सुबह 6 की ड्यूटी बजाकर घर लौट रहे थे। रोज की तरह ईंधन के लिये लकड़ी बीनते हुये।

दो बच्चे हैं रमेश के। दसवीं और बाहरवीं में पढ़ते हैं। खुद पढ़ नहीं पाये लेकिन बच्चों को पढ़ाने में कोई कमी नहीं। खर्च बस चल जाता है। मकान खुद का है। बोले-"बस चल जाता है। जितनी आमदनी उतने में पार हो जाता है महीना।  जुआ, तासपत्ती खेलते नहीं, दारू पीते नहीं, औरतबाजी भी नहीं। इस सबमें पैसा खर्चा होता है। बस गुजर हो जाती है किसी तरह। "

नेपाल में रिश्तेदार हैं। चाचा, ताऊ और अन्य भी। लेकिन न् तो वे इनसे मिलते हैं न वे इनसे। भूकम्प के समय जाने का बहुत मन था नेपाल  लेकिन 20000 रुपये चाहिये किराये के लिये। फ़िर चीजें भी मंहगी हो गयी नेपाल में। यहां चाय 5 रुपये में मिल जाती है। वहां 10/15 की है।

घर में गैस भी है लेकिन मंहगी पड़ती है इसलिये लकड़ी भी जलाते हैं। गैस कम जलाते हैं। गैस सब्सिडी खतम करने को उतावले लोगों तक यह सूचना पहुंचेगी भी तो क्या होगा? निर्णयवीरों के लिये आदमी और संसाधन महज एक आंकड़ा होता है।


महज 4500/- रुपये पाने वाले रमेश से जितनी बार मैंने आमदनी के मसले की बात करके सवाल किया उन्होंने यही कहा बस कि चल जाती है गाड़ी। किसी से कोई शिकायत नहीं।

जीसीएफ़ में घनश्याम दास से मिलने गये। कल रिटायर हुये। रात को रिटायरमेंट की पार्टी में बुलाया था लोगों को। घर के बगल में टेंट अभी भी लगा था। घर के बाहर रखे घडों में पानी भरकर बाहर टहल रहे थे। रिटायरमेंट के बाद के जीवन की शुभकामनायें थमाकर हम आगे बढ़ लिये।

आगे आज  दीपक गुप्ता से मिलना हुआ। दीपक हमारे ही कालेज में पढे हैं। एक साल बाद आये हमसे वहां। फ़िर आर्डेनेन्स फ़ैक्ट्री में भी हमारे पीछे चले आये। हम अपर महाप्रबंधक हुये तो देखा देखी अभी हाल ही में दीपक भी अपर महाप्रबंधक हो लिये। हमारे विभाग के बेहतरीन अधिकारियों में हैं दीपक। स्माल आर्मस उत्पादन में एक्स्पर्ट हैं। पिछले हफ़्ते ही जीसीएफ़ आये तबादले पर। स्माल आर्मस का एक्सपर्ट गन बनाने के काम में जुटेगा।

हम जब साइकिल से 1983 में भारत दर्शन के लिये निकले थे तो इलाहाबाद के बाद हमारा पहला पड़ाव बनारस था। दीपक का घर वहीं था। दीपक के पापा श्री ब्रज किशोर बीएचयू आई टी के मेकेनिकल विभाग में प्रोफ़ेसर थे। आज भी 79 साल की उमर में अमेरेट्स प्रोफ़ेसर हैं। स्पेशल क्लासेस लेते हैं। लेक्चर, लैब आदि।

करीब 13 साल पहले दीपक की पहली पत्नी का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। दो छोटे बच्चे थे। पत्नी की  बीमारी के दौरान बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने लग थे दीपक। कुछ लोगों ने दुबारा शादी के सलाह दी। कुछ ने एतराज। दुबारा विवाह करें या न करें इस पर विचार करते हुये एक रिश्ता पता चला। लड़की के पति और बच्चे एक सड़क दुर्घटना में नहीं रहे थे। लड़की भी दो साल के इलाज के बाद चरने फ़िरने लायक हो सकी। फ़िर भी एक पैर सीधा ही रहता है। घुटना मुड़ता नहीं। पति के निधन के 7 साल बाद दीपक से शादी की बात चली।

रिश्ते पर कोई निर्णय लेने के लिये दीपक अपने दोनों बच्चों के साथ अपनी सम्भावित पत्नी बबिता से मिलने गये। चारों ने मिलकर दोनों की शादी की बात पक्की की। नक्की की। दो जिन्दगियां जो ठहर सी गयी थीं वे फ़िर से स्पन्दित हुयीं और गतिमान भी। आगरे के ग्रैंड होटल में हुई इस शादी का मैं भी गवाह बना।

दीपक के दोनों बच्चे अब इंजीनियरिंग की पढ़ाई करते हैं। बिटिया आकांक्षा 6 वीं में पढ़ती है। उसको स्केचिंग और पेंटिग का शौक है। जल्दी ही शायद यहां पोस्ट भी करें।

आज सालों बाद दीपक और बबिता को देखकर बहुत खुशी हुई। उनकी शादी के बाद पहली मुलाकात थी। अब तो अक्सर होगी। शहर जाते रास्ते में ही पड़ता है घर।बबिता ने चाय खूब अच्छी बनाई। फ़िर आम का पना भी। बेल भी खूब सारे लगे हैं दीपक के घर में। आम का पना पीते हुये बतियाते हुये हम बातचीत में इतना मशगूल हुये कि ध्यान ही नहीं रहा कि जो ग्लास हम मेज पर धर रहे हैं वहां मेज नहीं हवा थी। ग्लास हवा में रखा तो वह नीचे आकर जमीन से आ मिला। नतीजा ग्लास के कई टुकड़े हो गये। अब और कितने ग्लास और कम टूटेगे दीपक के यह आने वाला समय बतायेगा।

लौटकर आये तो पोस्ट टाइप करके फ़ेसबुक पर अपलोड करने की कोशिश की। लेकिन फ़ेसबुक ने मना कर दिया। कोई लफ़ड़ा रहा होगा। मजबूरन दुबारा टाइप करना पड़ी।

बहरहाल यह सब तो चलता है। आप मजे की कीजिये आराम से। इतवार मुबारक हो आपको।


Friday, May 29, 2015

मजूरी के लिए निकली वीरांगनायें

सुबह उठकर आज सबसे पहले रॉबर्टसन झील की तरफ गए। झील सोई थी। पानी ठहरा। कोई छोटी मछली या कोई और जलजीव पानी में कूदता तो झील थोड़ा सा कुनमुनाकर फिर सो जाती। ऊपर से सूरज अपनी लाली से झील के पानी में उस जगह 'किरणपैड' सा बना रहा था जहां वह झील के पानी में उतरेगा।

शोभापुर रेलवे क्रासिंग बन्द थी। एक इंजन धड़धड़ाता हुआ पटरियों पर से निकला। पटरियां थरथराती हुई इंजन से मानों पूछती रहीं बहुत देर तक-'भईया अकेले आये। बच्चों को नहीं लाये।' इंजन बिना कोई जबाब दिए भड़भड़ाता चला गया।

लोग घरों के बाहर, सड़क पर, पेड़ के नीचे बैठे दिखे। कइयों के चेहरे पर नींद, उबासी,उनींदापन चिपका था।कुछ अनमने से भी दिखे लोग और कुछ उदास भी। कई लोग ऐसे भी दिखे तो तेजी से टहल रहे थे। उनके चेहरे के भाव कहीं रास्ते ने गिर गए होंगे शायद। चेहरे सपाट थे उनके।

क्रासिंग पार अधबने ओवरब्रिज के नीचे लोग चूल्हे जलाये खाना बनाने में जुटे हुए थे। कई घरों में उस समय बेड टी भी न बनी होगी जब इनका दिन का खाना बन रहा रहा।

चाय की दुकान पर लोग इकट्ठा थे।हंसी-मजाक के बीच गाली-गलौज कर रहे थे।शायद हमको प्रभावित करने के लिहाज से चुनिंदा गालियों की झड़ी लगा दी। कुछ ऐसे ही जैसे कोई बाहरी मेहमान आता है तो हम अपने सबसे दर्शनीय स्थल दिखाने ले जाते हैं।

एक ऑटो वाला खड़ा था। पता लगा नया ऑटो लिया है। ढाई लाख का। परमिट के पांच हजार। कानपुर में परमिट के तीन लाख से भी ज्यादा पड़ते हैं।लोगों ने बताया कि बीड़ी पीने का शौक ऐसा है ऑटो वाले भाई जी का कि अगर कोई सवारी बीड़ी के धुएं पर एतराज करती है तो सवारी उतार देते हैं।

चाय वाले से जब पूछा कि कितनी चाय दिन में बिक जाती हैं तो उनकी प्रतिक्रिया वैसी ही थी जैसी उमर पूछने पर महिलाओं की होने की बात कही जाती है। बोले- 'ये गिनती तो अपन ने भी नहीं की कभी।'

आगे कंचनपुर में एक हैंडपंप के नीचे दो महिलाएं नहा रहीं थीं। एक महिला पूरा ऊपरी बदन उघारे तन्मय होकर साबुन लगा रही थी। हम आगे निकल गए लेकिन वह दृश्य बहुत देर तक पीछा करता रहा। अभी फिर सामने आकर खड़ा हो गया।



आगे आधारताल सब्जी मण्डी चौराहे के पास बिरसा मुंडा की मूर्ति के पास से वापस आने के लिए महाराजपुर की तरफ चल दिए। व्हीकल मोड़ से रिछाई की तरफ। रेलवे फाटक के पहले दो महिलाएं सर पर घड़े रखे आ रहीं थीं। वीरांगना सरीखी। सुबह-सुबह सर पर घड़े रखकर मजूरी के लिए निकली वीरांगना ही तो कहलायेगी। जीवन समर में मेहनत की तलवार से कठिनाइयों का संहार करती वीरांगनाएं हैं ये। जब तक ये युध्द में डटी हैं, मानवता का भविष्य सुरक्षित है।


रिछाई गाँव में कई लोग ईंट के भट्टों पर काम में जुटे थे। एक भट्टे पर एक परिवार के तीन लोग मिले। एक महिला और एक पुरुष मिटटी की लोई सरीखी बना रहे थे। आदमी उनको ईंट के साँचे में ढालता जा रहा था।
ईंट के लिए मिट्टी पास के एक गाँव से लाते हैं। 600 रूपये प्रति ट्राली जिसमें करीब 1000/1100 सौ ईंट बन जाती हैं। ईंधन,मेहनत लगाकर जो ईंटे बनती हैं वो 3/4 हजार रूपये प्रति हजार के हिसाब से बिकती हैं। दिन भर में सात आठ सौ ईंटे पाथ लेते हैं। 15 दिन के करीब भट्ठा लगाते हैं।

हम जब बात कर रहे थे पुरुष से तो महिला हल्की मुस्कान के धारण किये काम करती हुई सुन रहीं थी बातें। फोटो खींचने के लिए पूछा तो हाँ कहकर बताया -'कल भी एक जने खींचकर ले गए थे।'

कमाई का कोई साधन जब कौतुहल और फोटो खींचने का विषय बन जाए तो लगता है कि उसके कठिन दिन आ गए हैं। ऐसा मुझे वहां से लौटते हुए लगा।

लौटकर मेस आ गए। चाय मिल गयी। पीते हुए पोस्ट कर रहे हैं।

आपका दिन शुभ हो।मंगलमय हो।

Thursday, May 28, 2015

नदियां हैं तो जीवन हैं

कल रात ग्वारीघाट गए। रात साढ़े ग्यारह के बाद। नर्मदा जी सोई हुई सी थीं। सोने में खलल न पड़े इसलिए अँधेरा कर रखा था। सूरज का बल्ब बुझा दिया था। जैसे अपने बेडरूम की लाइट बन्द कर ली हो। अँधेरे की काली चादर ओढ़ रखी थी उन्होंने। हल्की हवा चल रही थी। ऊपर चाँद नाइट बल्ब की तरह लटका था।

नदी किनारे तमाम लोग सोये थे। कुछ जमीन पर, कुछ घाट किनारे के तख्तों पर और कुछ सीढ़ियों पर। दुकाने ज्यादातर बन्द हो चुकी थीं। गक्कड़ भर्ता के बोर्ड के नीचे चाय बन रही थी। फूल-मालाओं वाली कुछ खुली दुकानें भी ...बन्द हो रहीं थीं।

कुछ मंडलियां ढोलक,मंजीरे, झांझ, करताल पर भजन कर रहे थे। तीन मंडलियां अलग-अलग भजन गा रहे थे। कोई साफ सुनाई नहीं दे रहा था। लेकिन तीनों मंडलियां तल्लीन थीं भजन में। कुछ मिनट के लिए दो मण्डलियों ने 'भजन विराम' लिया तीसरी के बोल सुनाई दिए:

रेवा महारानी मैया रेवा महारानी
सुंदर सजी है मैया रेवा महारानी।

नदी को भजन सुनाते हुए सुला रहे हैं भक्तगण। थकी हैं नर्मदा मैया। कीर्तन की थपकियों से नींद अच्छी आएगी।

 सुबह फिर लहरों से अठखेलियां करती हुई बहेगी सौंदर्य की नदीं नर्मदा।

लेकिन बह तो अब भी रही है नदी। नदी को विराम कहां। वो तो हम ठहर गए तो लगता है नदी रूकी है।हम जैसे होते हैं वैसे ही दूसरों को देखते हैं। नदी तो अविराम चलती रहती है। समंदर से मिलने की बेचैनी है उसको। गुरुत्वाकर्षण बल की टैक्सी कर रखी है नदी ने। लगातार चलते हुए समुद्र से मिलेगी जाकर। फिर आगे का इंतजाम समुद्र को देखना है। नदी को लिफ्ट कराकर फिर आसमान तक ले जाएगा। सूरज की गर्मी की लिफ्ट से कांट्रेक्ट है समुद्र का। गतिज ऊर्जा को स्थितिज ऊर्जा में बदलना और फिर स्थितिज ऊर्जा को गतिज ऊर्जा में बदलना। नदी,सागर, बादल और फिर नदी में पानी का आना ऊर्जा का रूपांतरण ही तो है।

नदी किनारे नावें खड़ी हैं। रात को नहीं चलती। कोई आता होगा तो कहने पर शायद कोई पार ले जाता होगा। दूसरी तरफ गुरूद्वारे की रौशनी नदी के पानी पर पड़ रही है। वहां कुछ चमक रही हैं नर्मदाजी।

एक आदमी मोटर साइकिल पर आया है। नर्मदा नगर में रहता है। बोला--' हम नर्मदा के सरकारी नौकर हैं।रोज हाजिरी देते हैं यहां इनके दरबार में।' कुछ परिवार कार से आये हैं नर्मदा दर्शन करने।

चलने लगते हैं तो कुछ माँगने वाले आ जाते हैं। साथ के मित्र कुछ देते हैं उनको। देखते हुए कुछ और लोग आ जाते हैं। एक को कुछ देकर दोनों को बाँट लेने की हिदायत देकर चल देते हैं हम। पीछे देखते हैं वो आपस में मिले पैसे का हिसाब कर रहे हैं। रात के 12 से ज्यादा बज गए हैं। मांगने वालों की दुकान कभी बन्द नहीं होती।

नदियां लाखों वर्षों से बह रही हैं। कितनी सभ्यताएं, साम्राज्य उन्होंने बनते, बिगड़ते देखें होंगे। चुपचाप बहते हुए। कितने लोगों को जीवन दिया होगा, कितनों को अपने साथ ले गयीं होंगी। 'नदियां हैं तो जीवन हैं' कहते हुए आदमी हर वह काम कर रहा है जो नदियों को खत्म करने के कारण हो सकते हैं।

कल ग्वारी घाट से आते हुए सोचा कि हफ्ते एक दिन किसी न किसी घाट पर अवश्य जाया करेंगे। दो चार घण्टे बैठेंगे। नर्मदा नदी के किनारे-किनारे साइकिल यात्रा का विचार थोडा और मजबूत हुआ।

आप भी मन करे तो अपने आसपास किसी नदी, तालाब को देखने जाया करें। उसके किनारे बैठें। अच्छा लगेगा।
फिलहाल आज इतना ही। बाकी फिर कभी। मजे से रहें ।

Wednesday, May 27, 2015

मकतबे इश्क का खेल निराला देखा

मेस के बाहर निकलते ही दो बच्चे साईकिल से अंदर आते मिले। ये बच्चे मेस में झूला झूलने आते हैं। एक बच्चे की साइकिल में गियर लगा है। हमने कहा-'हम गियर वाली साइकिल तो चला ही नहीं पाते।' बच्चे ने कहा-'आसान है चलाना। कल ही तो लगवाये हैं गियर।'

रास्ते में हमारे साथी अधिकारी मिले। रोज की तरह। हमने उनको भी साइकिल खरीदने का सुझाव दे दिया। बोले- 'अब बुढ़ापे में क्या साइकिल चलायें।' हमने उनके बुढ़ापे को निरस्त करते हुए सड़क पर खड़े-खड़े शेर सुना दिया:

'मकतबे इश्क का खेल निराला देखा,
उसको छुट्टी न मिली जिसको सबक याद हुआ।'
बुढ़ापे और साईकिल से इस शेर का कोई रिश्ता नहीं। लेकिन जाने क्यों यही शेर उचककर सामने आ गया जेहन में और हमने सुना भी दिया।

मैंने महसूस किया है कि बात-बहस में हम अक्सर वही तर्क,जुमले, उद्धरण पेश करते हैं जो अब तक के जीवन में सीखे होते हैं। अधिकतर लोगों के मामले में एक समय बाद सीखना या तो बन्द हो जाता है, या स्थगित या खत्तम हो जाता है। कुछ नया अनुभव नहीं होता और आदमी बूढा हो जाता है। जैसा कि परसाई जी ने लिखा भी है:


' यौवन नवीन भाव, नवीन विचार ग्रहण करने की ततपरता का नाम है, यौवन साहस, उत्साह, निर्भयता और खतरे भरे जिंदगी का नाम है, यौवन लीक से बच निकलने की इच्छा का नाम है। और सबसे ऊपर ,बेहिचक बेवकूफी करने का नाम यौवन है। '

इस लिहाज से देखा जाए तो पुराना शेर ठेलने के चलते हम गत यौवन माने जाएंगे। लेकिन बेतुका ठेलने की बेहिचक बेवकूफी के चलते हम कह सकते हैं -'अभी तो मैं जवान हूँ।'

चाय की दूकान पर गाना नहीं बज रहा था। बोले बजाने को तो चाय वाला बोला-'पहले दूकान का गाना तो बजाना शुरू कर लें।' फिर जब चालू किया तो दूसरी दूकान का भी बजने लगा। दोनों में अलग-अलग गाने बज रहे थे। ऐसा लग रहा थी की चैनल की प्राइम टाइम बहस में विरोधी दलों के प्रवक्ता दूसरे की बिना सुने अपनी-अपनी हांकने में लगे हों और सुनाई कुछ न दे रहा हो।


लौटते में दो बच्चियां साइकिल चलाती दिखीं। जाते समय भी कुछ लड़कियां दिखीं थीं साईकिल पर। लेकिन बच्चे नदारद हैं। शायद इसलिए कि वे तो ऐसे ही घूम लेते हैं। बच्चियां सुबह की सैर के बहाने घर से बाहर खुले में निकली हैं।

राबर्टसन लेक की तरफ गए आज। इस झील के चारो तरफ की जमीन पर लोगों ने कब्जा करते हुए झील को 'विनजिप्ड' टाइप करके संकुचित कर दिया है। इसके बाद गन्दगी अलग से।

झील के चारो तरफ पक्के मकान बन गए हैं।पगडंडियों के किनारे पक्के मकान झील पर कब्जे की कहानी सुना रहे हैं। लेकिन सुने कौन? झील कोई दिल्ली तो है नहीं जिसके किस्से सुनने में दिलचस्पी हो लोगों में।



झील के किनारे ही पक्का कूड़ा दान बना था। कूड़ादान बिलकुल खाली था। सारा कूड़ा कूड़ेदान के बाहर पड़ा 'स्वच्छता अभियान' की खिल्ली उड़ा रहा था। मुझे लगता है कि सरकार को 'कूड़ा कूड़ेदान में अभियान'भी जल्दी ही चालू कर देना चाहिए। आगामी किसी भी महापुरुष के जन्मदिन पर यह पवित्र अभियान शुरू होना चाहिए।
सूरज भाई भी दिखे झील के किनारे। सूरज की अनगिनत किरणें झील के पानी में अठखेलियां कर रहीं थीं। सूरज भाई ऊपर से किरणों को पानी में छप्प छैंया करते हुए निहार रहे थे। किरणें झील के पानी को चांदी जैसा चमका रहीं थीं। सूरज खुद भी सुबह शाम झील के पानी में डुबकी लगाते हैं।बच्चियों की जलक्रीड़ा देखकर आनन्दित हो रहे हैं भाई जी।

कल शहर में आंधी-पानी में पेड़ गिरे,बिजली व्यवस्था चौपट हो गयी। हम उससे अप्रभावित रहे। अख़बार से पता चला। गाँव में बदलती दुनिया के ये हाल हैं। पड़ोसी के समाचार भी अखबार से पता चलते हैं।

अख़बार में एक खबर और भी है।दो दिन पहले की। रतलाम के 9 साल के बच्चे अब्दुल ने अपने दोनों हाथ एक हादसे में साल भर पहले खो दिए थे। लेकिन हौसला नहीं खोया। दोनों पांव से मोबाइल चलाना और लिखना सीख लिया। अब उसने तैरना भी सीख लिया। 3 में पढ़ने वाले बच्चे ने 20 दिन में ही तैराकी सीख ली और अब 25 मीटर तक बिना रुके स्वीमिंग कर सकता है। बच्चे के हौसले को सलाम रमानाथ अवस्थी जी की इस कविता के साथ:
कुछ कर गुजरने के लिए
मौसम नहीं मन चाहिए।
चलिए आपका दिन मंगलमय हो। शुभ हो।I