आज सबेरे करीब पाँच मिनट पहले पहुँच गए पूल पर। कल की सीखी बातें अमल में लानी थीं।
कल दो घंटे पूल में तैरने में काफ़ी ऊर्जा खर्च हुई। रोज के चार सौ किलो कैलोरी की जगह 998 किलो कैलोरी। यह आज देखा। कल देख लेते तो थोड़ा और मेहनत करके जलाई हुई ऊर्जा चार अंकों में ले आते।
कल जो ऊर्जा खर्च की थी तैरने में वह शाम तक बराबर कर दी। एक पार्टी में खा-पीकर। 'न न करते प्यार तुम्ही से कर बैठे' की तर्ज पर खाने के साथ मिठाई भी खाए। नतीजा यह कि आज सुबह वजन रोज के मुकाबले ज़्यादा दिखा।
रात को सोने से पहले ब्रेस्टस्ट्रोक के वीडियो देखते रहे। देखी हुई बातों पर अमल में लाने की तगड़ी उत्सुकता थी । मन किया कि स्वीमिंग पूल पास होता और खुला होता तो उसी समय जाते।
एक वीडियो में ब्रेस्ट स्ट्रोक के हाथ-पाँव के मूवमेंट को सूत्रों के माध्यम से बताया गया था। सबको रटकर सुबह का इंतज़ार करते हुए सो गए। सुबह फिर वीडियो देखे। सूत्र याद किए और पूल पहुंचकर अभ्यास करने लगे।
वीडियो में हाथ को पीछे ले जाने की तरकीब के लिए 'स्कूप' बताया गया था। स्कूप मतलब आइसक्रीम के डब्बे से चम्मच से जैसे आइसक्रीम निकाली जाती है उस तरह हाथ पीछे ले जाने हैं।
वीडियो में सीखी हुई बातें याद करके उनपर अमल किया। हाथ पीछे ले जाते हुए ' स्कूप' याद आया। स्कूप के बहाने कल रात खाई आइसक्रीम का स्वाद याद आता रहा। यह बात अलग कि कल आइसक्रीम खाते हुए ऊर्जा ग्रहण कर रहे थे। आज उसकी याद करते हुए ऊर्जा जला रहे थे।
कॉपी बुक स्टाइल में सीखी बातों पर अमल करते हुए गरदन और सर पानी से ऊपर उठा। लेकिन हमने साँस नहीं ली। साँस-संकोच सा रहा। मुँह बाहर होने के बावजूद साँस लेने में हिचकते रहे। लगता कहीं यह पाप तो नहीं। साँस छोड़ पानी में रहे हैं, ले हवा में रहे हैं। हवा कहीं उलाहना ने देने लगे-' जहाँ साँस छोड़ी वहीं काहे ने नहीं लेते साँस।
कुछ देर बाद एकाध बार सर ऊपर करके सांस ले भी लिए। लगा काम पूरा हो गया। कोच लोगों ने कहा भी -'आप अब काफ़ी सीख गए हैं।'
हमने कहा -'अभी सीख रहे हैं भाई।'
लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे। कहा -' काफ़ी सीख गए हैं। एकाध दिन में और सीख जायेंगे।'
हमारे साथ सीखने वाले एक साथी ने भी कहा -' अब सर ऊपर उठ रहा है। ठीक हो रहा है।
हमें अच्छा लगा। मन किया शाम को भी एकाध घंटा आया करें तैरने। उसके लिए पता किया तो बताया गया -' रोज़ के तीन सौ रुपए/घंटा अलग से देने होंगे । या फिर शाम के लिए अलग से महीने भर की मेंबरशिप ले लें।'
हमाने कहा -'अपने मेंबर के लिए रियायत करनी चाहिए। महीने के तीन हज़ार के हिसाब से रोज़ के सौ रुपए होते हैं। आप तीन सौ माँग रही हैं। '
लेकिन वह मानी नहीं। उसकी बातों से लगा कि वह कहना चाह रही है -' चवन्नी, अठन्नी कम करना हो तो अलग बात। इससे ज़्यादा कम नहीं होंगे।
हम पूल से वापस घर आ गए। कल फिर अभ्यास करेंगे।

No comments:
Post a Comment