एक चाय की गुमटी पर लिखा दिखा -UP 43 टी स्टाल । पूछा तो पता चला चाय वाले भाई जी गोंडा के हैं। मतलब चाय की दुकान के नाम का अनुवाद होगा - गोंडा टी स्टाल। गोंडा चाय की दुकान।
043 कोड गोंडा की गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन का कोड है। कुछ दुकानों के नाम शहरों के टेलीफ़ोन कोड के हिसाब से हैं। कानपुर में एक दुकान का नाम 0512 था। कानपुर का टेलीफ़ोन डायरेक्टरी का (STD) कोड है यह । गोंडा का टेलीफोन कोड 05262 है। उसके मुक़ाबले 043 ज़्यादा आकर्षक है।
लखनऊ में गोंडा चाय की दुकान। कोई वीर रस का एंकर इसके लिए कहता -‘ गोंडा की लखनऊ पर सर्जिकल स्ट्राइक।’ लखनऊ और गोंडा में लड़ाई करवा देते। गोंडा चाय की दुकान ध्यान खींचती। लेकिन 043 चुपचाप चल रही है।
बाज़ार का यह मजेदार हिसाब है। हैदराबादी बिरियानी का हैदराबाद के बाहर जितना जलवा है उतना शायद हैदराबाद में भी न होगा। लखनऊ का चिकन कुर्ता जितना लखनऊ के बाहर ध्यान खींचता होगा उतना लखनऊ में नामदार नहीं होगा। बनारसी चाय का जो भौकाल कानपुर में है उतना शायद बनारस में न हो।
चाय वाला भला आदमी है। उसने सीधे-सीधे अपने शहर से जुड़ाव बयान किया। कोई जुमलेबाज होता तो शायद 4 3=7 या फिर 4-3=1 जैसा कोई किस्सा सुनाकर हंस देता। हो सकता है इसके बाद सिद्धू की तरह कहता -‘ ठोंको ताली।’
सुबह की चाय पीते समय मोबाइल देखते हुए यह फ़ोटो दिख गई तो यह लिखा। आपने चाय पी? क्या कर रहें हैं? बरसात हुई आपके यहाँ

No comments:
Post a Comment