Thursday, October 16, 2025

एयरड्रॉप , एयरड्रॉप




 लक्षद्वीप के आगाती द्वीप पर लैगून बीच पर घूमते एक जगह चार लड़कियाँ बैठी दिखीं। चारों की मुंडी नीचे की तरफ़ झुकी हुई थी। पास जाकर देखा तो वे बालू की सतह पर रखे मोबाइल में लूडो खेल रहीं थीं।

हमने उनका लूडो खेलते हुए फ़ोटो लिया। उनको दिखाया। चारो मुस्कुरा कर हँसने लगीं। शायद फ़ोटो पसंद आया था उनको।
फ़ोटो देखकर मेरा मोबाइल वापस करते हुए एक लड़की ने फ़ोटो भेजने का इशारा किया। दूसरे ने मुझसे फ़ोटो भेजने को कहा। मैंने कहा -‘ हाँ, भेज देते हैं। नम्बर बताओ।’
नम्बर वाली बात इसलिए कि अभी तक हमने जितने भी लोगों को फ़ोटो भेजे , सबको नम्बर पूछकर उनके व्हॉट्सएप पर भेजे।
लेकिन उन बच्चियों में से एक ने मुझसे कहा -‘ एयर ड्रॉप, एयरड्राप।’
मुझे यह पता था कि आइफ़ोन से आइफ़ोन में फ़ोटो भेजने के लिए एयरड्रॉप की सुविधा होती है। इसमें व्हॉट्सएप की जरूरत नहीं होती। लेकिन अभी तक मैंने किसी को इस सुविधा का उपयोग करके फोटो भेजे नहीं थे। अनन्य ने जरूर मेरे मोबाइल से अपने में और अपने से मेरे में इस सुविधा का उपयोग करते हुए फोटो भेजे थे।
दूसरी बात यह कि लक्षद्वीप में ज्यादातर लोग ऐंड्राइड फ़ोन का प्रयोग करते हैं , ऐसा मुझे बताया गया था।
इसलिए हम तुरंत समझ नहीं पाये कि बच्ची के एयरड्रॉप , एयरड्रॉप कहने का मतलब क्या है।
लेकिन बच्चियों ने फौरन समझ लिया कि ‘ ये डिजिटल बुड़बक ‘ है। उनमें से एक ने मेरे हाथ से मेरा मोबाइल झपटकर लिया। फ़ोटो खोली। अपनी फ़ोटुओं को सिलेक्ट किया। मेरे मोबाइल से अपने मोबाइल में भेजकर मेरा मोबाइल मुझे थमा दिया।
मुझे मेरा मोबाइल थमा कर बच्चियाँ फिर अपने मोबाइल में लूडो खेलने में जुट गईं। हम भी वहाँ से टहलते हुए आगे बढ़ गए।
क़िस्सा चार दिन पुराना है। लेकिन लगून बीच पर हिजाब पहने बालू में मोबाइल पर लूडो खेलते बच्चियों के बारे में सोचता हूँ तो मुझे उनकी आवाज सुनाई देते है -एयरड्रॉप, एयरड्रॉप ।
पहले की पोस्ट : https://www.facebook.com/share/v/14Pks9rwQS7/
इसके बाद की पोस्ट : https://www.facebook.com/share/v/1EmUnUGoEu/

https://www.facebook.com/share/p/1DrDUcJF2Q/

No comments:

Post a Comment