Wednesday, March 12, 2025

बहुत प्यार करते हैं तुमको सनम


श्रीलंका के होटल लाया बीच के पास समंदर तट पार मस्ती करने के बाद हम लोग अपने-अपने कमरे वापस लौट आए (पोस्ट का लिंक टिप्पणी में )। रात को खाने के पहले होटल की लाबी में मिलने का तय हुआ।
रात को क़रीब आठ बजे सब लोग होटल की लाबी में मौजूद थे। हमारी शादी की सालगिरह के मौक़े पर पार्टी होनी थी। केक का इंतज़ाम होटल के लोगों ने कर रखा था।
हम लोगों ने केक काटा। सबको खिलाया। इसके साथ ही होटल के बैंड ने गाना शुरू किया- "बहुत प्यार करते हैं तुमको सनम।"
गाने पर डांस शुरू हुआ। सब लोगों एक साथ, अलग -अलग और जोड़े से डांस शुरू किया। बैंड वाले एक के बाद एक हिंदी गाने बजाते रहे। गाने गाए जाते रहे, डांस का सिलसिला चलता रहा।
साथ के लोग केक खा चुके तो मैंने बैंड पार्टी के लोगों को एक-एक करके केक खिलाया। लोग गाना गाते बजाते रहे, गाते रहे साथ में केक खाते रहे। पार्टी में वहाँ मौजूद सभी लोगों ने डांस किया। होटल स्टाफ़, हमारे टूर सहायक हसन और ड्राइवर मंजू ने भी सबके साथ ठुमके लगाए।
गाना गाने वाले को केक खिलाते हुए हमने देखा कि जो गाना वह गा रहा था वह सिंहली में लिखा हुआ था। गोल-गोल अक्षर। हम एक भी अक्षर पढ़ नहीं पाए लेकिन गाना आत्मीय और दिल को छू लेने वाला। देश से दूर विदेश में कोई समझ में न आने वाली भाषा बोलने वाला हिंदी भाषा में गाना गा रहा था - "बहुत प्यार करते हैं तुमको सनम।"
बैंड पार्टी को केक खिलाते हुए हमने देखा कि कार्यक्रम का इंतज़ाम करने वाले स्टाफ़ के लोग भी वहाँ खड़े थे। हमने उनको भी केक खिलाया। उनकी हेड ने केक खिलाने पर पश्चिमी अन्दाज़ में गाल छुआकर हमें शुभकामनाएँ दीं। हमारा मन किया उनको एक बार और केक खिलाएँ। लेकिन हमारी मन की बात मन में ही रह गयी। केक ख़त्म हो चुका था।
बाद में होटल में रहने के दौरान उनसे तमाम बातें हुईं। खाने के दौरान किसी ने उनकी साड़ी की तारीफ़ की तो उन्होंने बताया -'यह हमारे ब्वायफ़्रेंड में गिफ़्ट दी थी।' पता नहीं यह बात सच थी कि नहीं लेकिन ऐसे कई किस्से सुनाए उन्होंने। अपनी बेटी की फ़ोटो दिखाई जो कि हाईस्कूल में पढ़ती है। बेटी के बारे में बताया -'इसके बाल बहुत लम्बे हैं।' अपने पति के बारे में बताया कि वो भी उसी होटल में काम करते हैं। हम उनके ब्वाय फ़्रेंड के बारे में पूछने की सोचते ही रहे।
खाना खाने के बाद एक बार फिर होटल के लॉन में बैठे लोग। लॉन के बग़ल में ही एक हाल में दूसरे लोग भी ड्रिंक लेते हुए मस्ती करते रहे। उनमें अधिकतर युवा लोग थे। हम लोग अपने को अलग तरह का युवा मानते हुए बिना ड्रिंक के ही मज़े करते रहे।
बैंड वाले लोगों ने फिर कुछ गाने बजाए। इसके बाद हमारे साथ के लोगों ने भी गाने गाए। जैसे-जैसे रात होती गयी, लोग जम्हुआई लेते हुए अपने-अपने कमरों की तरफ़ जाते गए। आख़िर में हम भी चले आए।
होटल की लाबी में बैठकर ग्रुप के लोगों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए कि वे कैसे इस टूर में आए। ज़्यादातर लोगों को उनके बच्चों ने भेजा था। टिकट बुक कर दिया और कहा जाना है। तीन महिलाएँ अकेले आयीं थीं। उनके बच्चों ने यह कहते हुए भेजा कि अनन्य है कोई चिंता नहीं जाइए। किरण जी पहले भी हम लोगों के साथ कश्मीर के टूर पर जा चुकीं थीं। Sunil Chaturvedi जी हमारे बताने पर साथ आए थे। उनके साथ उनके साढू भाई साहब घनश्याम चतुर्वदी जी भी थे जिनका कहना था -"हनुमान जी सबसे ज़्यादा टूर करते थे। हम उनके भक्त हैं। उमा जी ने बताया कि वे परिवार के साथ तो जातीं रहीं है लेकिन अकेली पहली बार आईं।
अनन्य ने सभी लोगों को आए का धन्यवाद दिया टूर के बारे में कहा -
"बहुत लम्बे सफ़र की महज़ शुरुआत है
अभी तो दो पल बीते हैं, बाक़ी पूरी रात है।"
अनन्य ने सभी लोगों को घूमने-फिरने और जो मन आए वो करने का आह्वान किया।
हमारा देश के बाहर शादी की सालगिरह मनाने का यह पहला मौक़ा था। अकेले जाते तो शायद इतना मज़ा न आता। साथ के लोगों ने यह अनुभव शानदार और अविस्मरणीय बना दिया। होटल के स्टाफ़ और बैंड पार्टी के लोगों ने एकदम घर के लोगों की तरह एकदम अनौपचारिक अन्दाज़ में बधाई देते हुए जिस तरह से पार्टी का आयोजन किया उससे लगा ही नहीं कि हम घर से बाहर हैं।
सबेरे जागकर हम लोग एक बार फिर समुद्र तट के पास गए। वहाँ समुद्र की लहरों के साथ अठखेलियाँ करते हुए फ़ोटो खिंचाए। वीडियो बनाए। इसके बाद लौटकर नाश्ता किया। नाश्ते के बाद हम लोग घूमने निकल गए।
इस बात को एक महीने से ज़्यादा हो चुका है लेकिन हम जब भी पुराने फ़ोटो, वीडियो देखते हैं हम वापस होटल लाया बीच पहुँच जाते हैं और हमको सुनाई देता है -“बहुत प्यार करते हैं तुमको सनम।”

#श्रीलंका,#shrilanka-22


https://www.facebook.com/share/v/1CasJppLp1/ 

No comments:

Post a Comment