“अरे इसको तो कुच्छ भी नहीं आता। साइकिलिंग भी नहीं करने सकता।"
यह बात परसों स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के स्विमिंग कोच ने दूसरे कोच से कहीं जो पूल किनारे आलू छील रहा था।
चालीस साल से ऊपर साइकिलियाने के बाद किसी से यह सुनने को मिले कि यह साइलिंकिंग भी नहीं कर पाता तो कैसा लगेगा?
लेकिन कोच सही कह रहा था। पहले खेल समझिए।
सितंबर में आसपास के सब पूल बंद हो जाने के बाद अपन घर से आठ किलोमीटर SAI (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया) के स्विमिंग पूल गए। वहाँ दो पूल हैं। एक शुरुआती तैराकों के लिए। गहराई दो फीट से चार फीट। दूसरा ओलंपिक पूल। आठ फीट से बीस फीट गहरा।
करीब पचास मिनट तक शुरुआती तैराकों वाले पूल में तैरने के बाद अपन ओलंपिक पूल की तरफ़ गए। कोच को बताया- 'अभी 160 मीटर एक बार में तैरे हैं। यहाँ तैर सकते हैं?'
'ये हम नहीं बता सकता। तुम तैरो। डूबोगे तो बचाने के लिए हम हैं।' -कोच ने टहलते हुए लहसुन छीलते हुए कहा।
हमारी हिचक देखकर उसने हमको आठ फीट गहरे पानी में उतरने के लिए कहा। हम उतर गए। वहाँ से 15 फीट तक तैरकर आए। करीब पच्चीस मीटर । ठीक तैर रहे थे। साँस भी नहीं फूली। लेकिन दिमाग़ पर पूल की गहराई हाबी रही। हम किनारे आ गए। सीधी पकड़कर खड़े हो गए। वहाँ से वापस आठ फीट तक आए। किनारे अन्दाजा नहीं लगा। डुबकी मारने लगे। हाथ ऊपर किया। कोच ने लहसुन छीलना छोड़कर हमको किनारे कर लिया। हम बाहर आ गए।
हम दूसरी तरफ़ (20 फीट गहरे पानी की तरफ़ ले जाकर) दूसरे कोच से वही कहा जो हमने ऊपर लिखा। कोच ने कहा -'पहले शुरुआती पूल में अभ्यास कीजिए फिर यहाँ आइए।'
अगले दिन अभ्यास के बाद हम फिर गए ओलंपिक पूल में। कोच ने बीस फीट गहराई की तरफ़ से पानी में उतार दिया। अपन आराम से आधे पूल तक आए। 15 फीट गहरे तक। आराम से तैर रहे थे। कोच लहसुन छीलते हुए साथ-साथ चल रहा था। लेकिन मेरे दिमाग़ में पूल की गहराई हावी थी। पचीस मीटर पर किनारे पूल में उतरने वाली सीढ़ी दिखी। अपन उसको पकड़कर रुक गए। ऊपर आ गए।
वापस आते समय एक पोस्ट में अमिताभ शुक्ला Amitabh Shukla जी की टिप्पणी याद आई - “हर इंसान पैदाइशी तैराक होता है ये समाज उसके अंदर डर घुसेड़ कर डूबना सिखा देता है।”
कोच ने कहा -'ऊपर क्यों आ गया? पूरा तैरना था न। हम डूबने थोड़ी देगा तुमको।'
लेकिन अपन के दिमाग़ में पूल की गहराई हावी थी। कई कमियां भी याद आ गईं। सोचा कमियों को दूर करके फिर आयेंगे ओपलम्पिक पूल में। साइकिलिंग और किक परफेक्ट करने के बाद।
साइकिलिंग मतलब गहरे पानी में डूबने से बचने के लिए पानी में साइकिलिंग जैसा करते हुए देर तक (सर पानी के ऊपर रखते हुए) तैरने का अभ्यास।
वापस आ गए लेकिन यह तसल्ली रही ओलंपिक पूल की लंबाई (50 मीटर ) दो बार में पार कर ली।
कल कोच गणेश ने साथ में तैरते हुए टिप्स दिए। उनके बताये हिसाब से पानी में तैरे। गणेश ने मेरे सारे मूवमेंट सही बताये। किक भी ठीक हो गया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के कोच ने पास कर दिया। मतलब अब हम तैराकी सीख गए।
लेकिन अभी तो सीखे कहाँ हैं ? ये तो ककहरा है जो सीखे हैं। अभी तो बहुत कुछ सीखना है।
गणेश जी ने हमको साइकिलिंग और फ्लोटिंग के टिप्स दिए। हमने कहा -'साइकिलिंग तो गहरे पानी में होती है।'
उन्होंने उसी चार फीट की गहराई में साइकिलिंग करके दिखाया। कहा -' हम तो एक ग्लास पानी में स्विमिंग कर सकता।'
अपन ने साइकिलिंग और फ्लोटिंग दोनों करने का अभ्यास किया। दोनों में सफलतापूर्वक असफल रहे। फिर करेंगे अभ्यास। सीख तो जाएँगे ही।
दस दिन पहले दस मीटर तक तैर सकने वाला इंसान अब दो सौ मीटर तक बिना रुके, बिना थके , बिना साँस फूले तैर सकता है यह अपने आप में ख़ुशनुमा बात है। बीस गुना सुधार। मजेदार बात है न?
62 साल की उमर में तैराकी सीखने की इस मुहिम से एक बार फिर लगा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। लगन और जिद है तो कभी भी कुछ भी सीखा जा सकता है।
अभी इतना ही। अब जा रहे तैरने। यह वीडियो कल की तैराकी का।

No comments:
Post a Comment