Friday, November 07, 2025

'सैंड बैंक' माने 'समुद्र की चाँद' पर मस्ती



 लक्षद्वीप में तिनकारा द्वीप के पास काफ़ी देर समुद्र में तैरने कुछ देर स्नार्कलिंग करने के बाद हम पास में ही स्थित 'सैंड बैंक' देखने गए।

'सैंड बैंक' नाम सुनकर लगता है बालू का बैंक होगा कोई। दूसरा मतलब बालू का किनारा भी होता है। समुद्र में low tide के समय लहरें किनारे से दूर हो जाती हैं। समुद्र के अंदर की बालू दिखने लगती है। हर तरफ़ से पानी से घिरी सफेद बालू बहुत खूबसूरत लगती है।
स्नार्कलिंग वाली जगह से कुछ ही दूर पर 'सैंड बैंक' था। उसके पास ही पहुँचकर स्टीमर का लंगर डाला गया। स्टीमर की सीढ़ी के सहारे पानी में होते हुए बालू तक पहुँचे।
समुद्र के पानी से घिरा 'सैंड बैंक' समुद्र की गंजी चाँद की तरह लग रहा था। सफेद, खूबसूरत गंजी चाँद के हर तरफ़ सफ़ेद, हरा और नीला समुद्र का पानी। आती-जाती लहरें 'सैंड बैंक' को पानी में भिगोकर वापस चली जाती थीं। बालू का कुछ हिस्सा पानी में डूब जाता। कुछ पर पानी नहीं जा पाता। लहरें उसको नहीं भिगो पाती। वे दुबारा कोशिश करतीं। जिस हिस्से को भिगोने में असफल रहतीं वो हिस्सा मानो मुस्कराता हुआ समुद्र की लहरों को टीली लिली करता रहता। खूबसूरत नजारा।
'सैंड बैंक' पर पहुँचकर हम लोगों ने देर तक वहाँ खड़े होकर, उसके पास के पानी में जाकर, फिर वापस आकर, भीगकर, ठहरकर फिर मजे दौड़कर पानी में घुसकर मजे लिए। फोटो खिंचवाये। ऐसा लग रहा था अपने घर के बाहर किसी मैदान में दोस्तों के साथ खेल रहे थे। बार-बार पानी में आवा-जाही करते हुए , ख़ूबसूरत नज़ारा देखते हुए, उन नज़ारों के फ़ोटो लेते, वीडियो बनाते हम लोग 'सैंड बैंक' का खूबसूरती से रूबरू होते रहे।
'सैंड बैंक' के पास पानी घुटनों तक था। लेकिन कुछ आगे जाकर पानी अचानक गहरा हो गया था। हमको अंदाज़ नहीं था इसका। लेकिन साथ में आए जसीम ने बताया कि पानी का रंग उसकी गहराई बताता है। नीला पानी मतलब गहरा समुद्र। समुद्र के पानी में चलते हुए इसे दिखाया भी। घुटनों तक पानी में चलते हुए वह पूरा पानी में डूब गया। ऐसे जैसे कोई बहुत गहरी पानी की खाई हो वहाँ। वहाँ पानी का रंग नीला था। वह जगह किनारे से बमुश्किल दस मीटर की दूरी पर होगी। उस दिन अंदाज़ हुआ कि पानी का भी अपना अलग व्याकरण होता है। हम उससे कितना अनजान हैं।
पता चला कि जनवरी में महीने में इसी जगह पर अपने प्रधानमंत्री जी ने कुर्सी डालकर फ़ोटो खिंचवाई थी। उनकी स्नार्कलिंग वाली ड्रेस में फोटो भी आई थी। पता नहीं उन्होंने स्नार्कलिंग की थी या फिर ड्रेस पहनकर फोटो खिंचवाई थी। ऐसा इसलिए लिखा क्योंकि समुद्र के नीचे में पानी में देर तक रहना सुरक्षा कारणों के लिहाज से प्रधानमंत्री के लिए ख़तरनाक है।
बाद में मैंने प्रधानमंत्री जी 'सैंड बैंक' पर अकेले कुर्सी डाले बैठे फ़ोटो भी देखी। हमको लगा कि महत्वपूर्ण पद पर होना इंसान को कितना अकेला कर देता है। जिस जगह पर हम लोग आम इंसान की तरह संग-साथ में मस्ती करते हुए, फोटो खिचाते , वीडियो बनाते , गाना गाते, डांस करते मजे कर रहे थे वहां प्रधानमंत्री जी अकेले, चुपचाप कुर्सी डाले, चेहरे पर गंभीरता ओढ़े बैठे हैं। यह भी लगा कि कुर्सी इंसान को कितना अकेला कर देती है।
'सैंड बीच' पर लोगों ने तरह-तरह के पोज में फोटो खिंचाए। गुप्ता दंपति के रोमांटिक पोज में फ़ोटो खींचे गए। पोज के लिए -'ऐसे देखें, ऐसे खड़े हों, ऐसे पास आयें' घराने के डायरेक्शन हम लोगों ने दिए।प्रधानमन्त्री जी की तरह कुर्सी तो हम लोग लाए नहीं थे लेकिन बालू में बैठकर, चश्मा लगाकर फोटो हमने लिए। अनन्य ने अपने सिग्नेचर स्टाइल में पानी में टहलते हुए वीडियो बनवाया। किरन शुक्ला जी ने जसीम के साथ बहुत प्यारा डांस किया। अनन्य ने पानी में मजे करते हुए लोगों का इंटरव्यू लिया। उसके कैसा लग रहा है पूछने पर सबने कहा -'बहुत अच्छा ।'
देर तक 'सैंड बैंक' में मस्ती करने के बाद हम लोग वापस लौटे। लौटते समय हमने लाइफ़ जैकेट नहीं पहनी। पानी में स्टीमर खेल के मैदान से लौटते बच्चों जैसा उछलता-कूदता चल रहा था। करीब घंटे भर के बाद हम लोग वेस्टर्न जेटी पहुंचे। वहां से कुछ लोग वापस होटल की तरफ़ चले गए। कुछ लोग लैगून बीच की तरफ़ गए। वहाँ उनको ख़रीदारी करनी थी।
पहले की पोस्ट : https://www.facebook.com/share/r/1CN18FFsXJ/
बाद की पोस्ट : https://www.facebook.com/share/p/1BgRoB6Pwh/

https://www.facebook.com/share/r/1ApUnEtKtz/

No comments:

Post a Comment