रास्ते में ट्रिप लीडर Anany ने बस में सभी लोगों श्रीलंका आने के लिए देते हुए आगे भी घूमते रहने की सलाह दी। उसकी बात का वीडियो पोस्ट में है। अनन्य ने कहा :
"आप लोगों की एनर्जी कंटेजियस (प्रेरक /उत्साह वर्द्धक ) है। एक दूसरे को उत्साह बढ़ाते हुए आप लोगों ने यह टूर किया है। आप सबने पूरी ज़िंदगी बहुत सेक्रीफ़ाइस किया है। अभिभावकों का जीवन बहुत सेक्रीफ़ाइसिंग होता है। बच्चों की पढ़ाई, शादी और सब कुछ के लिए सारा प्रयास रहता है। पर अपने लिए मोमेंट्स बहुत कम मिलते हैं। ये एक ऐसी ट्रिप थी जहाँ आप सारे टेन्शन छोड़कर एंज्यॉय कर सकते हैं। यह बहुत जरूरी है। आप किसी के साथ जाएँ, अकेले जाएँ, फैमिली के साथ जाएं लेकिन आप ट्रेवल करते रहें। बहुत जी लिए आप दूसरों के लिए। अब थोड़ा आपने लिए जियें। आपके बच्चे भी ऐसा ही चाहते थे इसीलिए उन्होंने आपके लिए यह ट्रिप बुक की है। आप सब लोग घूमिये, जहाँ-जिसके साथ जाना हो जाइए। मैं यह नहीं कह रहा कि आप फ़िरगुन के साथ ही जाइए। किसी के साथ जाइए। लेकिन अपने लिए चीजें करना शुरू करिए क्योंकि अब आप यह सब डिजर्व करते हैं।आप सबने इसे इंज्यॉय किया, किसी का जन्मदिन था, किसी की शादी की सालगिरह थी सबने उसका मजा लिए। आप सब लोग एक ग्रुप की तरह रहे। कभी बोर नहीं फील हुआ। इसके लिए मैं आप सबका आभारी हूँ।"
सभी ने ताली बजाकर ख़ुशी का इजहार किया। श्रीलंका में ट्रिप का इंतजाम करने वाले चानक ने कहा -"अनन्य की जब शादी होगी तो तब उनको उनकी पत्नी सहित श्रीलंका का ट्रिप मुफ्त में करायेंगे।" यह बात पहले भी वो कह चुके थे। तब से सारे लोग कई बार अनन्य के फ्री ट्रिप के बारे में पूछताछ करते रहे।
वापस उसी होटल में लौटे जहाँ पहले दिन रुके थे। डिनर के बाद सब लोग होटल की छत गए। वहाँ बैठने का इंतज़ाम था। सबने एक बार फिर अपने अभुभव साझा किए। डांस-गाना भी हुआ। कुछ लोग पहली बार अकेले घर से बाहर निकले थे और भी कई तरह के डर थे लोगों के लेकिन सभी ने पूरे टूर को खूब इंज्यॉय किया। देर रात तक बातें करते रहे। हफ़्ते भर पहले अजनबी की तरह मिले लोग विदा होते समय एक परिवार की तरह हो गए थे।
सुबह होटल में नाश्ता करते हुए फिर सबसे मुलाक़ात हुई। होटल के बाहर सड़क पर गाड़ियों की आवा-जाही शुरू हो गई थी। मैंने उनका वीडियो बनाया। वीडियो बनाते हुए कमेंट्री भी करने का मन हुआ जैसे फेमस ट्रैवेल ब्लागर करते हैं लेकिन फिर हिचक के चलते नहीं किया। आशा है कि यह हिचक जल्द ही दूर होगी। ऐसा हुआ तो आने वाले समय में लिखाई के साथ-साथ वीडियो बाजी भी शुरू होगी।
होटल में मौजूद अखबार के अनुसार श्रीलंका में हुए किसी घपले की जाँच के लिए कमेटी बनाने का समाचार था। श्रीलंका के लोगों के अनुसार वर्तमान सरकार के मुखिया आर्थिक रूप से बेपटरी हुए देश को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। लोगों को उनसे काफ़ी आशाएँ हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थलों में उनकी फ़ोटो लगाने के बजाय लोग देश के लिए काम करें।यह सुनकर मुझे अपने देश की याद आई जहाँ राशन के थैले, कोरोना की वैक्सीन और तमाम दूसरी जगहों पर प्रधानमंत्री की फोटो लगाए गए हैं। क्या पता अपने प्रधानमंत्री को इसके बारे में पता ही न हो और लोग उनको बिना बताये उनकी फ़ोटो जगह-जगह लगाए रहते हैं।
बातचीत करते हुए लोगों से आपस में संपर्क में रहने के वादे हुए। श्रीलंका टूर के नाम से बने ग्रुप में अभी भी यदा-कदा संदेश आते रहते हैं।
श्रीलंका से विदा होने वाले लोगों की फ़्लाइट दोपहर बाद की थी। कुछ लोग टूर की शुरुआत में पहले दिन देर आए थे। सुबह के समय का उपयोग ऐसे लोगों को कोलंबो की उन जगहों को दिखाने के लिए किया गया जो उनके देर से आने के कारण छूट गयीं थीं।
विदा होते समय सबके साथ सामूहिक फोटो हुए। होटल छोड़ दिया गया। विदा होते समय मिला -भेंटी हुई। लोग आपस में गले मिले। बस में बैठकर बाय-बाय कराटे समय गाना बज रहा था - "चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना, कभी अलविदा न कहना।"
लौटने वाले बस से एयरपोर्ट चले गए। हम कुछ लोगों ने एक दिन बाद लौटने के टिकट कराये थे। मंशा यह थी कि जब आए हैं तो कोलंबो और क़ायदे से घूम लें।
हम लोग भी कुछ देर बाद होटल छोड़कर शहर में दूसरे होटल आ गए। एक दिन और कोलंबो घूमना था हमें।
#श्रीलंका, #shrilanka -37
https://www.facebook.com/share/v/1AR4sii2cq/

No comments:
Post a Comment